Cyclone Arnab का कहर, 17 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट; जानें मौसम का हाल
बंगाल की खाडी में बने गहरे दबाव के प्रभाव से कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है. यूपी, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में 25 सितंबर को मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य और उससे सटी उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाडी के ऊपर बना गहरा दबाव मौसम को प्रभावित कर रहा है. IMD के 24 सितंबर के अपडेट में उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा पर इसके प्रभाव का उल्लेख किया गया है.
इसके चलते पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है.
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश
आज उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर, सोनभद्र समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बिहार के पटना, गया, रोहतास, सिवान, सारण, गोपालगंज, भागलपुर, पूर्णिया, किशनगंज और कई अन्य जिलों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट है. राजधानी दिल्ली में 25 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.ओडिशा में भारी बारिश के साथ करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है.
Also Read
पहाड़ों में मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. मध्य प्रदेश में 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. छत्तीसगढ में भी भारी बारिश के साथ 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक के तेज झोंके आने का अनुमान है. वहीं पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ, पौडी, चमोली और टिहरी समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के भी कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है. पहाडी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन का खतरा भी बढ सकता है.