IMD का बड़ा अलर्ट, दिल्ली समेत इन 17 राज्यों में आज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश
मानसून के सक्रिय रहने के बीच मौसम विभाग ने 24 अगस्त को दिल्ली समेत देश के 17 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफानी हवाओं की चेतावनी दी है. पहाडी राज्यों में भूस्खलन और कई इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.
मानसून के असर के चलते देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को दिल्ली समेत 17 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि समुद्री इलाकों में भी मौसम को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-यूपी में तेज रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग की ओर से आज दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिशकी संभावना जताई गई है. साथ ही 60 की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं लोगों को सावन का एहसास करा सकती है. उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, बिजनौर, महोबा, ललितपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, झांसी, अलीगढ़, कानपुर, सोनभद्र, मथुरा, मुरादाबाद, बदायूं और इटावा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिहार की राजधानी पटना के साथ-साथ अन्य कई जिलों में भी बारिश का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
Also Read
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी आंधी-बारिश
राजस्थान के जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान है. हवाओं की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है. मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, मंडला, सिवनी, सीधी और रतलाम समेत कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, सिरमौर और किन्नौर समेत कई क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान है. साथ में चलने वाली तेज हवाएं लोगों की परेशानी को बढ़ा सकती है. मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, ऋषिकेश, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पौड़ी गढ़वाल और उत्तरकाशी में भी भारी बारिश की चेतावनी है. पहाडी क्षेत्रों में बारिश के बीच भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है.