यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में भूस्खलन और बिजली गिरने का खतरा
देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर, उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है.
देश के कई हिस्सों में मानसून ने एंट्री ले ली है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों तक उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्व भारत में वर्षा की गतिविधियां लगातार बनी रहेंगी. इस दौरान कई इलाकों में लगभग 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं लोगों की मुसीबत को बढ़ा सकती है.
मौसम विभाग ने गरज चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई है. वहीं पर्वतीय राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है.
13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी अलग अलग दिनों में तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है.
Also Read
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार और बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है. इस दौरान लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश में 21 से 26 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, सहारनपुर, आगरा और आसपास के जिलों में भी भारी वर्षा का अनुमान है. बिहार के अधिकांश जिलों में 26 जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर सहित कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा से पहले बरतें सावधानी
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है. उधर हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा समेत अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है. जम्मू कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, डोडा और रामबन सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.