US Israel Iran War

IMD का बड़ा अलर्ट! यूपी-बिहार समेत 23 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का खतरा, पहाड़ों पर भूस्खलन की चेतावनी

मॉनसून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग ने 2 सितंबर को यूपी, बिहार, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 23 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है.

ANI
Shanu Sharma

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड,असम, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक समेत 23  राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सभी को सतर्क रहने की सलाह दी है. खास तौर पर खुले इलाकों में रहने वाले लोगों और खेतों में काम करने वाले किसानों को आंधी और बिजली गिरने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है.

दिल्ली, यूपी-बिहार में मौसम का हाल

दिल्ली में भारी बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. वहीं बिहार में पटना, गया, सिवान, गोपालगंज, भागलपुर, पूर्णिया, किशनगंज और दरभंगा समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है.


पहाड़ी राज्यों में खास सावधानी

उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है. चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी, पौड़ी और रुद्रप्रयाग जैसे इलाकों में विशेष सतर्क रहने को कहा गया है. वहीं हिमाचल के कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और शिमला समेत कई जिलों में भी बारिश और आंधी की संभावना है. पहाड़ों में भूस्खलन के कारण सड़कें प्रभावित हो सकती हैं. ऐसे में अगर आप पहाड़ों का प्लान बना रहे हैं, तो अभी के लिए टाल दें.

पंजाब-राजस्थान में भी बिगड़ेगा मौसम

पंजाब के कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं, हालांकि ज्यादा बारिश की संभावना अभी नजर नहीं आ रही है. राजस्थान में जयपुर, अजमेर, अलवर, कोटा और जोधपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. वहीं ओडिशा में भुवनेश्वर, पुरी, सुंदरगढ़, मयूरभंज और संबलपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है.

तेज बारिश और आंधी के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें. पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें. घने जंगलों और भूस्खलन वाले रास्तों पर वाहन चलाने से बचना बेहतर होगा. किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने और आंधी के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.