देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों और आने वाले दिनों के दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और मध्य भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक देखने को मिलेगा.
आईएमडी ने महाराष्ट्र के मुंबई, मुंबई उपनगर, पालघर और ठाणे सहित गुजरात के अमरेली, भरूच, भावनगर, दमन, दीव, गिर सोमनाथ, जूनागढ़, नवसारी, पोरबंदर, राजकोट, सूरत, तापी और वलसाड समेत कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. गुजरात के अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, जामनगर के अलावा भी कई जिलों में बारिश की चेतावनी दी है.
इन क्षेत्रों में लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की संभावना भी व्यक्त की गई है.
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चंपावत, उत्तरकाशी तथा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, बारामूला, कुलगाम, कुपवाड़ा और शोपियां सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर और शाम के दौरान तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 3 जुलाई तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और कई अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं मध्य प्रदेश में 5 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
भोपाल, जबलपुर, शाजापुर, हरदा, खंडवा और आसपास के इलाकों में भारी वर्षा के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. कोलकाता समेत कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है.