आज मौसम का बड़ा अलर्ट, यूपी-दिल्ली समेत 13 राज्यों में तेज आंधी और बारिश को लेकर IMD की चेतावनी
IMD ने 5 जुलाई को यूपी, दिल्ली समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.
नई दिल्ली: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसके चलते कई राज्यों में गर्मी से राहत मिलने लगी है. भारत मौसम विभाग यानी IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र अगले तीन दिनों में उत्तर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा. इसके प्रभाव से मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत 13 राज्यों में हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजधानी दिल्ली कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में 5 जुलाई से बारिश और आंधी का दौर शुरू होने की संभावना है. दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. तेज हवाओं को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Also Read
अन्य जगहों पर कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में 5 से 10 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में रुक रुककर बारिश होने की संभावना है. 8 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और 9 से 10 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया है.
बिहार में 5 से 10 जुलाई तक कई जिलों में रुक रुककर बारिश जारी रहने का अनुमान है. 6, 7 और 10 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी का खतरा बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम से जुड़े अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है.
राजस्थान और झारखंड में भी मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी. कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है.