menu-icon
India Daily

अमरावती महिला अस्पताल के NICU में लगी आग, 3 नवजात बच्चों की मौत; वेंटिलेटर में विस्फोट से हुआ हादसा

महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में रविवार तड़के आग लग गई. इस हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई.

Shilpa Shrivastava
अमरावती महिला अस्पताल के NICU में लगी आग, 3 नवजात बच्चों की मौत; वेंटिलेटर में विस्फोट से हुआ हादसा
Courtesy: ANI X

अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में रविवार तड़के आग लग गई. इस हादसे में तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई. अस्पताल की तीसरे मंजिल पर स्थित NICU में करीब 3:30 बजे वेंटिलेटर में विस्फोट होने के बाद आग भभक उठी. उस समय अस्पताल में कुल 39 बच्चों का इलाज चल रहा था. 

ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से कई बच्चों की जान बचाई जा सकी. हालांकि, तीन बच्चों की जान नहीं बचाई जा सकी. हादसे के बाद 6 नवजात बच्चों को आगे के इलाज के लिए सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है. इनकी हालत फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

आग कैसे लगी?

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, NICU में वेंटिलेटर में विस्फोट होने से आग लगी. अस्पताल में तीन NICU कमरे हैं, जिनमें से प्रत्येक में 13 बच्चों के इलाज की व्यवस्था है. आग इनमें से एक कमरे में लगी. पुलिस अधिकारी ने बताया, “आज सुबह करीब 3:15 बजे अमरावती जिला अस्पताल के NICU में घटना हुई. तीन डिब्बे थे, उनमें से एक में आग लगी. तीन बच्चों की मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में वेंटिलेटर से आग लगने का संकेत मिला है. आगे जांच जारी है.” अमरावती हादसे की जांच चल रही है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं.

मध्य प्रदेश में भी ऐसा ही हादसा:

इससे पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भी इसी तरह की घटना हो चुकी है. वहां स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में क्रैडल वार्मर में आग लगने से एक नवजात शिशु की मौत हो गई. दो चार दिन के बच्चों को भी चोटें आईं.