Asian Games 2026 BRICS 2026

रहस्यमयी ढंग से गायब हुई 15 साल की राइफल शूटर, नेशनल टीम के लिए ट्रायल की कर रही थी तैयारी

हावड़ा की 15 वर्षीय राइफल शूटर दमयंती सेन राष्ट्रीय ट्रायल से पहले रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं. आखिरी बार उन्हें हावड़ा रेलवे स्टेशन पर देखा गया.

X
Sagar Bhardwaj

पश्चिम बंगाल के हावड़ा से एक 15 वर्षीय उभरती राइफल शूटर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. राष्ट्रीय टीम के ट्रायल की तैयारी कर रही दमयंती सेन के अचानक गायब होने से परिवार, रिश्तेदारों और खेल जगत में चिंता बढ़ गई है. दमयंती मध्य हावड़ा के उमाचरण भट्टाचार्य लेन की रहने वाली हैं. परिजनों के मुताबिक, वह बुधवार सुबह घर के पास की दुकान से सामान खरीदने के लिए निकली थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.

आखिरी बार हावड़ा रेलवे स्टेशन पर दिखीं

परिवार की ओर से जुटाई गई जानकारी के अनुसार, दमयंती को आखिरी बार हावड़ा रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर देखा गया था. इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है. इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी है. स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह वहां से किस दिशा में गईं और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति था या नहीं.

राष्ट्रीय ट्रायल की तैयारी, मोबाइल भी घर पर छोड़ा

दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बताया कि उनकी बेटी शूटिंग की प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और उसे राष्ट्रीय टीम के ट्रायल में भाग लेने का अवसर मिला था. वह प्रतिदिन सुबह नियमित अभ्यास करती थी और प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी हुई थी. परिवार के अनुसार, घटना वाले दिन वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थीं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घर में किसी तरह का विवाद, तनाव या ऐसी परिस्थिति नहीं थी, जिससे उसके अचानक घर छोड़ने की आशंका जताई जा सके. यही वजह है कि परिवार इस घटना को बेहद रहस्यमय मान रहा है.


हर पहलू की जांच कर रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद हावड़ा थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है. हावड़ा सिटी पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर जांच की जा रही है और हर संभावित पहलू की पड़ताल की जा रही है. परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दमयंती सेन के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या उनके परिजनों को सूचित करें. पुलिस को उम्मीद है कि उपलब्ध सुरागों के आधार पर जल्द ही इस मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.