'लक्षद्वीप' ने Google सर्च में तोड़ा 20 साल का रिकॉर्ड तो Makemytrip पर 3400% ज्यादा खोज रहे लोग

लक्षद्वीप के प्रति लोगों की रुचि पीएम मोदी के यहां रात्रि प्रवास और उनके द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किए गए फोटोज के बाद देखी गई है. उधर मालदीव की टिप्पणी ने भी लोगों की रुचि को बढ़ाया है.

Naresh Chaudhary

Lakshadweep on Google and Makemytrip Search: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद लक्षद्वीप सोशल मीडिया ट्रेंड कर रहा है. उधर मालदीव की ओर से आई टिप्पणी के बाद तो ये मामला गूगल समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है. ताजा जानकारी के मुताबिक लक्षद्वीप को खोजने के मामले में गूगल सर्च पर 20 साल का रिकॉर्ड टूटा है. उधर, ऑनलाइन ट्रैवल साइट Makemytrip का दावा है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लक्षद्वीप को सर्च करने वालों में 3400 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है. 

Makemytrip ने किया दावा- लोगों की अचानक बढ़ी रुचि

जानकारी के मुताबिक, मेकमाईट्रिप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया लक्षद्वीप यात्रा से पर्यटन को बढ़ावा मिला है. ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी ने कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म खोज में 3,400 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है. इसी बीच सोमवार को भारतीय ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसी EaseMyTrip ने घोषणा की है कि उसने विवाद के बाद मालदीव की उड़ानों के लिए सभी बुकिंग निलंबित कर दी हैं.

EaseMyTrip के संस्थापक निशांत पिट्टी ने मालदीव की बुकिंग की निलंबित

EaseMyTrip के संस्थापक निशांत पिट्टी की ओर से सोमवार सुबह अपने एक्स पर लिखे गए एक पोस्ट में यह निर्णय 'हमारे राष्ट्र के साथ एकजुटता में' लिया गया है. निशांत पिट्टी ने ट्वीट किया कि हमारे राष्ट्र के साथ एकजुटता दिखाते हुए, EaseMyTrip ने मालदीव की सभी उड़ान बुकिंग निलंबित कर दी है. #TravelUpdate #SupportingNation.

पीएम मोदी के जाने के बाद गूगल सर्च में छाया लक्षद्वीप

उधर, दुनिया भर में लक्षद्वीप के लिए Google सर्च पिछले 20 वर्षों में अपने उच्चतम स्तर पर है. लक्षद्वीप के प्रति लोगों की रुचि पीएम मोदी के रात्रि प्रवास और उनके सोशल मीडिया पर आए फोटोज के बाद देखी गई है. मालदीव के मंत्री के साथ-साथ अन्य कैबिनेट सदस्यों और सरकारी अधिकारियों की ओर से पीएम मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बारे में अपमानजनक और भद्दी टिप्पणी के बाद बड़ा विवाद पैदा हो गया है, जिससे द्वीपसमूह में लोगों की रुचि बढ़ने की भी संभावना है.