West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

रोज एक जैसा खाना खाने वालों सावधान! धीरे धीरे ये बीमारियां शरीर में कर रही हैं घर

हर दिन एक जैसा खाना खाना आसान जरूर लगता है लेकिन इससे पेट पर असर पड़ सकता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक एक तरह के खाने से पाचन कमजोर हो सकता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते.

Social Media
Babli Rautela

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग रोज एक जैसा खाना खाना खाते हैं. सुबह वही नाश्ता, दोपहर में थाली और रात में भी लगभग वही खाना. लोगों को लगता है कि इससे समय बचता है और शरीर का रूटीन बना रहता है. कुछ लोग इसे हेल्दी आदत मानते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि एक संतुलित थाली से जरूरी पोषण मिल जाता है.

लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि लंबे समय तक एक ही तरह का खाना पेट की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है. शरीर को सिर्फ नियमित खाना ही नहीं बल्कि भोजन में विविधता भी चाहिए होती है. यही बदलाव पाचन तंत्र को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

एक्सपर्ट कहते हैं कि हमारे पेट में करोड़ों सूक्ष्म जीव मौजूद होते हैं. इन्हें गट बैक्टीरिया भी कहा जाता है. ये सूक्ष्म जीव पाचन से लेकर शरीर की इम्यूनिटी तक कई जरूरी काम करते हैं. एक्सपर्ट्स बताते हैं कि इन जीवों को स्वस्थ रहने के लिए अलग अलग तरह के पोषक तत्वों की जरूरत होती है. जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक एक जैसा भोजन करता है तो शरीर को सीमित पोषण मिलने लगता है. धीरे धीरे इसका असर पेट के अच्छे बैक्टीरिया पर पड़ता है.

रिसर्च में भी यह बात सामने आई है कि जो लोग हफ्ते भर में अलग अलग तरह के फल, सब्जियां, अनाज खाते हैं उनके पेट के जीव ज्यादा मजबूत और संतुलित रहते हैं. वहीं जो लोग एक ही तरह का भोजन करते हैं उनमें यह संतुलन कमजोर पड़ने लगता है. जिसका सीधा असर शुरुआत में ज्यादा महसूस नहीं होता. लेकिन समय के साथ शरीर संकेत देने लगता है. पेट फूलना, कब्ज रहना, भारीपन महसूस होना, गैस बनना और कुछ चीजों का आसानी से न पचना जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. 

खाने में विविधता से मिलते हैं ये फायदे

बहुत से लोग मानते हैं कि अगर उनकी थाली में दाल, चावल और सब्जी है तो शरीर को पूरा पोषण मिल रहा है. लेकिन सच यह है कि हर अनाज और हर सब्जी में अलग तरह के पोषक तत्व होते हैं. यही शरीर में मौजूद अच्छे जीवों को ताकत देती है. हालांकि एक्सपर्ट्स यह भी मानते हैं कि भोजन में कुछ स्थिरता होना फायदेमंद हो सकता है. इससे वजन कंट्रोल रखने में मदद मिलती है और शरीर की खाने की आदतें नियमित रहती हैं. लेकिन समस्या तब होती है जब महीनों और सालों तक खाने में कोई बदलाव नहीं किया जाता.