'धुरंधर' फ्रैंचाइजी में रणवीर सिंह को ही क्यों चुना गया? प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने बताई चौंकाने वाली वजह
ज्योति देशपांडे ने एक इंटरव्यू में बात करते हुए साफ कहा कि टीम को सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि एक समर्पित परफॉर्मर चाहिए था. फिल्म का बजट पहले से ही काफी ज्यादा था. इसलिए महंगे कलाकारों को जोड़ने से फिल्म शुरू होते ही घाटे में चली जाती.
Dhurandhar Producer: बॉलीवुड में धुरंधर फ्रैंचाइज की जबरदस्त कामयाबी के बाद अब हर कोई इसके पीछे की कहानी जानना चाहता है. हाल ही में प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने रणवीर सिंह को इस फ्रैंचाइज में क्यों चुना.
'धुरंधर' फ्रैंचाइजी में रणवीर सिंह को ही क्यों चुना गया?
ज्योति देशपांडे ने एक इंटरव्यू में बात करते हुए साफ कहा कि टीम को सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि एक समर्पित परफॉर्मर चाहिए था. फिल्म का बजट पहले से ही काफी ज्यादा था. इसलिए महंगे कलाकारों को जोड़ने से फिल्म शुरू होते ही घाटे में चली जाती. उन्होंने कहा- 'अगर हम महंगे एक्टर्स को भी ले लेते, तो फिल्म पहले दिन से ही अव्यवहारिक हो जाती. इसलिए हमने स्टार की जगह परफॉर्मर को प्राथमिकता दी.'
Also Read
ज्योति ने रणवीर की तारीफ करते हुए याद दिलाया कि वे बाजीराव मस्तानी में उनके साथ काम कर चुकी हैं, जब रणवीर इतने बड़े स्टार नहीं थे. उनके मुताबिक रणवीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं जो हर किरदार में पूरी तरह डूब जाते हैं. वे फिल्म में रणवीर सिंह नहीं दिखते. बाजीराव बनना हो तो बाजीराव बन जाते हैं, खिलजी बनना हो तो खिलजी और गली बॉय बनना हो तो गली बॉय. यही उनकी खासियत है.
प्रोड्यूसर ने बताया कि धुरंधर की शूटिंग के दौरान पूरी टीम ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया. रणवीर ने भी पूरी तरह फिल्म पर फोकस किया और उस दौरान कोई और काम नहीं किया. बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर ने कमाल कर दिया. दिसंबर में रिलीज हुई पहली फिल्म ने भारत में 840.20 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इसके बाद धुरंधर: द रिवेंज ने तो रिकॉर्ड तोड़ दिए और 1,149.30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हासिल किया.
इस कामयाबी के बाद रणवीर सिंह को सुपरस्टार कहा जा रहा है. फैंस उनकी अगली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल रणवीर की एक फिल्म 'प्रलय' लाइन अप में है. जय मेहता की डायरेक्शन वाली इस फिल्म की शूटिंग इस महीने शुरू होने वाली है.