Welcome To The Jungle Review: अक्षय कुमार की वेलकम टू द जंगल में हंसी की गारंटी! लेकिन थिएटर जाने से पहले जरूर जानें ये चीज
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी और परेश रावल समेत कई सितारों से सजी वेलकम टू द जंगल सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म दर्शकों को भरपूर हंसी देती है, लेकिन कहानी में लॉजिक तलाशने वाले दर्शकों को यह निराश कर सकती है.
कॉमेडी फिल्मों के शौकीनों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. Welcome फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म वेलकम टू द जंगल सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. करीब 34 कलाकारों से सजी यह मल्टीस्टारर फिल्म दर्शकों के लिए हंसी का बड़ा पैकेज लेकर आई है. अक्षय कुमार की वापसी एक बार फिर कॉमेडी अंदाज में हुई है और फिल्म कई जगह दर्शकों को खुलकर हंसाने में सफल रहती है. हालांकि कहानी में लॉजिक तलाशने वाले दर्शकों को थोड़ा निराशा भी हाथ लग सकती है.
कैसी है फिल्म की कहानी?
फिल्म की शुरुआत एक अमीर बिजनेसमैन से होती है, जो आयकर विभाग की कार्रवाई से बचने के लिए 2000 करोड़ रुपये की फिल्म बनाने का फैसला करता है. इसके लिए वह दो फ्लॉप निर्देशकों और कई असफल कलाकारों को साथ लेकर फिल्म की शूटिंग शुरू करता है. कहानी तब नया मोड़ लेती है जब पूरी टीम शूटिंग के लिए सीमा के पास स्थित एक गांव पहुंचती है, जहां उनका सामना एक असली आतंकवादी से हो जाता है. इसके बाद शुरू होता है कॉमेडी और अफरा तफरी से भरा सफर.
पहले हाफ में थोड़ी धीमी रफ्तार?
फिल्म की शुरुआत थोड़ी धीमी लगती है और शुरुआती आधे घंटे में कहानी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ती. लेकिन इसके बाद फिल्म अपनी रफ्तार पकड़ लेती है. कई ऐसे कॉमिक सीक्वेंस आते हैं जो दर्शकों को जोरदार हंसी पर मजबूर कर देते हैं. फिल्म के संवाद भी मनोरंजन का स्तर बनाए रखते हैं.
Also Read
- अयोध्या और काशी के बाद अब तामेश्वरनाथ धाम की बारी, बैजूनाथ धाम को भी मिलेगी नई पहचान; योगी सरकार का बड़ा ऐलान
- नैनीताल में 3 दिन हाई अलर्ट! वीवीआईपी मूवमेंट से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी
- बिहार में सिर्फ 1 रुपये में मिलेगी 40 एकड़ जमीन, लेकिन निवेशकों को पूरी करनी होगी यह बड़ी शर्त
दूसरे हाफ में भरपूर कॉमेडी
इंटरवल के बाद फिल्म पूरी तरह कॉमेडी मोड में नजर आती है. एक के बाद एक आने वाले हास्य दृश्य दर्शकों को लगातार हंसाते रहते हैं. फिल्म का क्लाइमैक्स सबसे मजबूत हिस्सा माना जा सकता है, जहां कई ऐसे पल आते हैं जो दर्शकों को हंसते हंसते लोटपोट कर देते हैं. दूसरी फिल्मों के मजेदार संदर्भ भी कहानी में अच्छी तरह फिट बैठते हैं.
कलाकारों ने जीता दिल
अक्षय कुमार एक बार फिर साबित करते हैं कि कॉमेडी उनकी सबसे बड़ी ताकत है. उनका अभिनय पूरी फिल्म में शानदार नजर आता है. सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े और राजपाल यादव भी अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का खूब मनोरंजन करते हैं. रवीना टंडन का किरदार भावनात्मक पहलू को मजबूत बनाता है, जबकि फरीदा जलाल अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से खास प्रभाव छोड़ती हैं. जैकलीन फर्नांडिस और दिशा पाटनी अपने किरदारों में ठीक ठाक नजर आती हैं. लारा दत्ता का कैमियो छोटा जरूर है, लेकिन प्रभावी है.
फिल्म की कमजोरियां भी हैं
फिल्म की सबसे बड़ी कमजोरी इसकी लॉजिक से दूर कहानी है. कई जगह कहानी में निरंतरता की कमी नजर आती है. कुछ किरदार अचानक गायब हो जाते हैं और उनके हिस्से को बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता था. अगर आप गंभीर कहानी की उम्मीद लेकर जाएंगे तो फिल्म आपको निराश कर सकती है. फिल्म का संगीत औसत कहा जा सकता है. घिस घिस और ऊंचा लंबा कद फॉरएवर जैसे गाने याद रह जाते हैं, लेकिन बाकी गाने ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ते. हालांकि कॉमेडी के बीच संगीत कहानी की गति को बनाए रखने में मदद करता है.
फिल्म देखें या नहीं
अगर आप बिना किसी लॉजिक के सिर्फ हंसना चाहते हैं और परिवार या दोस्तों के साथ हल्की फुल्की मनोरंजक फिल्म देखना चाहते हैं, तो वेलकम टू द जंगल आपके लिए अच्छी पसंद हो सकती है. फिल्म कई जगह आपको खुलकर हंसाती है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. हालांकि गंभीर कहानी और मजबूत पटकथा पसंद करने वाले दर्शकों को यह फिल्म पूरी तरह संतुष्ट नहीं कर पाएगी.
India Daily Rating. 3.5 स्टार