'खुद को इतना क्रेडिट मत दो...', मुस्लिम से हिंदू बनी टीवी एक्ट्रेस ने लेटेंट 2 में समय रैना की जमकर लगाई क्लास

कभी शबनम सैयद के नाम से मशहूर अभिनेत्री सुरभि वंजारा ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' में समय रैना को रोस्ट किया. हिंदू धर्म अपनाने और टीवी छोड़ स्टैंड-अप कॉमेडी में आने पर वे चर्चा में हैं.

YouTube/ India's Got Latent
Sagar Bhardwaj

कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के हालिया एपिसोड में टीवी एक्ट्रेस सुरभि वंजारा अपने चुटीले अंदाज के चलते इंटरनेट पर छा गई हैं. जज पैनल द्वारा उनकी परफॉर्मेंस पसंद न करने के बाद जब कॉमेडियन कुशाग्र श्रीवास्तव ने उन पर टिप्पणी की, तो सुरभि ने तुरंत पलटवार करते हुए पूछा, 'आपका नाम क्या है सर? बाकी सबको तो मैं जानती हूं.' इसके बाद जब समय रैना ने उनसे पूछा कि क्या वे नर्वस हैं, तो सुरभि ने कहा, 'इतना क्रेडिट खुद को मत दो, मैंने मेंटली डिस्टर्ब कहा है, नर्वस नहीं.'

शबनम सैयद से सुरभि वंजारा तक का सफर

सुरभि वंजारा को पहले मनोरंजन जगत में शबनम सैयद के नाम से जाना जाता था. 22 अगस्त 2011 को गुजराती बिजनेसमैन सौरभ वंजारा से शादी के बाद उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया और अपना नाम बदलकर सुरभि वंजारा रख लिया. उन्होंने शो पर मजाक में यह भी बताया कि उन्होंने एक अमीर गुजराती से शादी की है. अब वे टीवी और फिल्मों से दूरी बनाकर स्टैंड-अप कॉमेडी के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं.

फिल्मों और टीवी सीरियल्स में निभाईं अहम भूमिकाएं

सुरभि का अभिनय करियर काफी समृद्ध रहा है. टीवी पर उन्हें मशहूर सीरियल 'कबूल है' में शिरीन रशीद अहमद खान की भूमिका के अलावा 'जस्सी जैसी कोई नहीं', 'मिली', 'हिटलर दीदी' और 'शशश... कोई है' में सराहा गया. बड़े पर्दे पर उन्होंने अनुराग बासु की हिट फिल्म 'मर्डर' (2004) में इमरान हाशमी के किरदार से जुड़ी 'राधिका' की भूमिका निभाई थी. इसके अलावा वे 'तुमसा नहीं देखा', 'राज 2' और 'हेट स्टोरी 2' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं.

सोशल मीडिया पर स्टैंड-अप कॉमेडियन की पहचान

अभिनय की दुनिया से दूर होने के बाद सुरभि ने लेखन और स्टैंड-अप कॉमेडी में कदम रखा. इंस्टाग्राम पर उनके 80 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां बायो में उन्होंने खुद को 'रेबेल बहू: हाउसवाइफ; स्टैंडअप कॉमेडियन' लिखा है. वे अक्सर शादीशुदा जिंदगी और रोजमर्रा के अनुभवों पर आधारित कॉमेडी रील्स शेयर करती रहती हैं, जिसे दर्शक काफी पसंद करते हैं.