'रोंगटे खड़े हो गए...', शहनाज गिल की फिल्म 'इश्कनामा' का पहला लुक आउट, रिलीज की तारीख से उठाया पर्दा

शहनाज गिल ने गुरुवार को ट्विटर पर अपनी फिल्म 'इश्कनामा' का फर्स्ट लुक शेयर किया. अभिनेत्री के फैंस सोशल मीडिया पर जमकर उत्साहित हैं और इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं.

x
Antima Pal

मुंबई: शहनाज गिल ने अपनी आगामी फिल्म इश्कनामा का पहला लुक शेयर कर फैंस में हलचल मचा दी है. गुरुवार को शहनाज ने सोशल मीडिया पर यह खास पोस्टर जारी किया, जिससे उनके फैंस बेहद उत्साहित हो गए हैं. पोस्टर में भावुक और गहरा प्यार झलक रहा है, जिसने लोगों को 'गूजबम्प्स' दे दिए हैं. शहनाज गिल जो हाल ही में फिल्म इक कुड़ी में नजर आई थीं, ने इंस्टाग्राम और एक्स पर लिखा- 'मेरी आगामी मूवी इश्कनामा से पहली तस्वीर...  'इश्कनामा' - ट्रू स्टोरी ऑफ ट्रू लवर्स निम्मा-नसीमा. 24 जुलाई 2026 को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज.' 

शहनाज गिल की फिल्म 'इश्कनामा' का पहला लुक आउट

यह फिल्म एक सच्ची प्रेम कहानी पर आधारित है, जो भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पृष्ठभूमि में घटित होती है. इसमें प्यार, बलिदान और सीमा पार की चुनौतियां दिखाई जाएंगी. फिल्म में शहनाज के साथ लीड रोल में जय रंधावा नजर आएंगे. जय ने भी पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "इश्कनामा - बेस्ड ऑन सुपरहिट नॉवेल 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' 24 जुलाई 2026 को रिलीज." यह कहानी सुपरहिट उपन्यास 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' से प्रेरित है, जो सच्ची घटनाओं पर आधारित है.

फिल्म को अरविंदर खैरा डायरेक्ट कर रहे हैं, जबकि संगीत बी प्राक का और गाने जानी के हैं. पोस्टर में शहनाज एक घायल जय को गले लगाए दिख रही हैं, जो प्यार की ताकत और दर्द को दर्शाता है. एक तरफ भावुक इमोशन हैं, तो दूसरी तरफ पंजाबी कल्चर की झलक भी. फैंस इसे देखकर कह रहे हैं कि यह फिल्म दिल छू लेने वाली होगी. फैंस का रिएक्शन जबरदस्त है. सोशल मीडिया पर एक फैन ने लिखा, "गूजबम्प्स आ गए  इश्कनामा अविस्मरणीय होगी, पूरा प्यार और सपोर्ट."

फैंस ने यूं किया रिएक्ट

एक अन्य ने कहा- "कुछ कहानियां बताए जाने से पहले ही महसूस हो जाती हैं  इश्कनामा को ढेर सारा प्यार और सफलता मिले." कई फैंस पाकिस्तान से भी उत्साहित हैं, एक ने लिखा, "सना, इस प्यार की कहानी के लिए बहुत एक्साइटेड हूं, मैं आपकी हर फिल्म देखता हूं, आपके प्रोजेक्ट पर गर्व है." शहनाज गिल का यह प्रोजेक्ट उनके करियर में एक नया अध्याय है. पहले से ही उनकी एक्टिंग की तारीफ होती रही है और अब यह क्रॉस-बॉर्डर लव स्टोरी उन्हें और मजबूत एक्ट्रेस के रूप में पेश करेगी. फैंस 24 जुलाई 2026 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देगी.