Shakti Kapoor Birthday: शक्ति कपूर को नापसंद करता था शिवांगी का परिवार, फिर ऐसे भागकर रचाई शादी! जानें पूरी लव स्टोरी

शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरे की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. दोनों की मुलाकात ‘किस्मत’ के सेट पर हुई थी, जिसके बाद प्यार हुआ. लेकिन शिवांगी का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था. एक्टर के इस खास दिन पर आइए जानते हैं कि कैसे परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शक्ति कपूर ने अपने पसंद की शादी की.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शक्ति कपूर ने अपने लंबे करियर में पर्दे पर हर तरह के किरदार निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई है. कभी खतरनाक विलेन बनकर दर्शकों को डराया तो कभी अपनी कॉमेडी से लोगों को जमकर हंसाया. फिल्मों में उनकी खास अदाकारी और अलग अंदाज आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है. शक्ति कपूर की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही. एक्ट्रेस शिवांगी कोल्हापुरे के साथ उनकी प्रेम कहानी में परिवार की नाराजगी से लेकर घर से निकलकर शादी करने तक का दौर आया. 

दोनों ने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपने रिश्ते को मुकाम तक पहुंचाया. आज दोनों बॉलीवुड की चर्चित और पसंदीदा जोड़ियों में गिने जाते हैं. आइए शक्ति कपूर के जन्मदिन पर उनकी और शिवांगी की लव स्टोरी के बारे में जानते हैं.

कैसे हुई शक्ति-शिवांगी की लव स्टोरी की शुरूआत?

शक्ति कपूर और शिवांगी कोल्हापुरे की पहली मुलाकात फिल्म ‘किस्मत’ के सेट पर हुई थी. यह फिल्म शिवांगी के करियर की शुरुआत थी. फिल्म में उनके साथ शक्ति कपूर के अलावा मिथुन चक्रवर्ती और रंजीता जैसे कलाकार भी नजर आए थे. फिल्म की शूटिंग के दौरान शक्ति और शिवांगी की मुलाकातें बढ़ीं और धीरे धीरे दोनों एक दूसरे के करीब आने लगे. कुछ समय बाद उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया.


शिवांगी के परिवार को पसंद नहीं थे शक्ति कपूर?

शक्ति और शिवांगी के रिश्ते की राह आसान नहीं थी. शिवांगी के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. इसकी एक बड़ी वजह पर्दे पर शक्ति कपूर की विलेन वाली छवि भी बताई जाती है. शक्ति कपूर ने एक बातचीत के दौरान बताया था कि शिवांगी के परिवार वाले उनकी स्क्रीन इमेज को देखते हुए इस शादी के पक्ष में नहीं थे. हालांकि दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद अपने रिश्ते को लेकर फैसला किया और शादी के लिए आगे बढ़े.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक समय शिवांगी के माता पिता ने उन्हें घर के कमरे में बंद तक कर दिया था, ताकि वह शक्ति कपूर से शादी करने के लिए घर से बाहर न जा सकें. हालांकि बाद में शिवांगी वहां से निकलने में कामयाब हो गईं.

परिवार की मर्जी के खिलाफ भागकर की शादी

जब परिवार से इस रिश्ते को मंजूरी नहीं मिली तो शक्ति कपूर और शिवांगी ने अपने दम पर शादी करने का फैसला किया. दोनों ने साल 1982 में शादी की थी. उस वक्त शक्ति कपूर करीब 30 साल के थे, जबकि शिवांगी की उम्र महज 18 साल थी. परिवार की आपत्ति के बावजूद दोनों ने एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा और शादी के बंधन में बंध गए. शादी के बाद धीरे धीरे दोनों ने अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाया और आज उनका परिवार बॉलीवुड के चर्चित परिवारों में शामिल है.