सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने वाले का नया वीडियो आया सामने, पूरी तैयारी के साथ फ्लैट में घुसा
सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद, एक नया CCTV फुटेज सामने आया है. इस बार उसने चेहरे से कपड़ा हटा दिया था, और उसका चेहरा साफ दिखाई दे रहा था.
Saif Ali Khan Attacker: सैफ अली खान पर हुए हमले के बाद, एक नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें हमलावर को मुंबई के सतगुरु शरण अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर देखा गया. घटना गुरुवार रात की है और फुटेज में हमलावर का चेहरा साफ दिखाई दे रही हैं.
पहला फुटेज, रात 1:37 बजे, एक व्यक्ति को चेहरे पर कपड़ा बांधकर अपार्टमेंट की सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा गया. उसने टी-शर्ट, जींस और बैगपैक पहना हुआ था. वहीं दूसरा फुटेज, घटना के बाद, रात 2:33 बजे वही व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे उतरता दिखाई दिया. इस बार उसने चेहरे से कपड़ा हटा दिया था, और उसका चेहरा साफ दिखाई दे रहा था.
सैफ अली खान पर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला
घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब घुसपैठिया सैफ अली खान के छोटे बेटे जेह के बेडरूम में घुस गया. एफआईआर के अनुसार, सैफ ने हमलावर को रोकने की कोशिश की. हमलावर ने चाकू से छह बार वार किया, जिसमें एक चोट रीढ़ की हड्डी पर लगी. शोर मचाने पर घर पर काम करने वाले नौकरों ने सैफ की मदद की. घटना लगभग 30 मिनट तक चली, जिसमें हमलावर ने अपने हमले के बाद अपार्टमेंट से भागने की कोशिश की.
Also Read
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावर की पहचान में मदद मिली है. उसका चेहरा दूसरी बार सीढ़ियों से उतरते समय साफ देखा गया. हमलावर ने लाल गमछे से अपने गले को ढक रखा था, और वह बेहद शांत तरीके से भागता नजर आया. पुलिस ने घटना की गहन जांच शुरू कर दी है, और सीसीटीवी फुटेज को प्रमुख सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है.
सैफ अली खान और परिवार की हालत
हमले के बाद, सैफ अली खान को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. उनकी पत्नी करीना कपूर और बच्चे भी इस घटना के बाद बेहद सदमे में हैं. यह हमला न केवल सैफ अली खान के परिवार के लिए भयावह है, बल्कि मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करता है. पुलिस का कहना है कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा, और हमलावर को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिशें जारी हैं.