Bigg Boss 20: रिया यादव, जिन्हें सोशल मीडिया पर रिया अहिर के नाम से जाना जाता है, ने हाल ही में बिग बॉस 20 में संभावित एंट्री की खबरों के बाद मिल रही आलोचना और ट्रोलिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्होंने काफी चर्चा बटोरी थी. अब जब बिग बॉस 20 की घोषणा हुई, तो कई लोग सवाल पूछने लगे कि विरोध प्रदर्शन करने वाली लड़की अब रियलिटी शो में क्यों जा रही है.
रिया ने एक वीडियो में इन सवालों का जवाब दिया. उन्होंने कहा- 'हेलो गाइज, जब से कल बिग बॉस की घोषणा हुई है, तब से काफी प्यार और सपोर्ट आया है. साथ ही कई सवाल भी आए हैं कि बिग बॉस क्यों? प्रोटेस्ट इसलिए किया था?' उन्होंने एक यूजर के कमेंट को भी शेयर किया, जिसमें लिखा था कि रिया कोई एक्टिविस्ट नहीं हैं. यह उनका पेशा या जॉब नहीं है. उन्होंने एक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया, वह वायरल हो गया और अचानक लोग उनसे एक्टिविज्म की उम्मीद करने लगे जैसे यही उनका करियर हो. लेकिन ऐसा नहीं है.
रिया ने इस बात से सहमति जताई और साफ किया कि वे एक्टर, मॉडल और उद्यमी हैं. उन्होंने बताया कि वे साढ़े चार साल की उम्र से थिएटर से जुड़ी हुई हैं और खुद को एक आर्टिस्ट मानती हैं. उसी कमेंट में यह भी कहा गया था कि अगर उन्हें भारत के सबसे बड़े रियलिटी शो में हिस्सा लेने का मौका मिला है तो वे इसे क्यों छोड़ेंगी. रिया ने हल्के अंदाज में जवाब दिया- 'पापी पेट को भी तो पालना है.'
जो लोग अभी भी जानना चाहते हैं कि विरोध प्रदर्शन के अलावा रिया क्या करती हैं, उनके लिए रिया का कहना है कि उन्हें जानने का सबसे अच्छा तरीका बिग बॉस 20 के घर में उनका सफर देखना है. रिया अहिर अब अपनी कलाकारी और करियर पर फोकस करना चाहती हैं. वे सिर्फ एक वायरल चेहरा नहीं बल्कि एक प्रोफेशनल आर्टिस्ट हैं जो अपने काम से आगे बढ़ना चाहती हैं.
सोशल मीडिया पर उनके इस बयान के बाद कई सपोर्टर्स ने उनका समर्थन किया. कुछ लोगों ने कहा कि हर व्यक्ति को अपना करियर चुनने का अधिकार है. बिग बॉस 20 में अगर वे एंट्री लेती हैं तो दर्शक उनकी असली पर्सनालिटी और टैलेंट को करीब से देख पाएंगे.