एक्टिंग के लिए पिता से की बगावत, पैसों के लिए बेची गाड़ियां! एक शो ने रातों-रात इस एक्टर को बना दिया टीवी का सुपरस्टार
राम कपूर आज एक जाना-पहचाना चेहरा हैं. कभी पति, कभी पिता और कभी सख्त अधिकारी के किरदार में दिखकर उन्होंने दर्शकों के दिलों में जगह बना ली है. खासकर 'बड़े अच्छे लगते हैं' में साक्षी तंवर के साथ उनकी जोड़ी लोगों को बहुत पसंद आई.
Ram Kapoor Birthday: टीवी और सिनेमा की दुनिया में राम कपूर आज एक जाना-पहचाना चेहरा हैं. कभी पति, कभी पिता और कभी सख्त अधिकारी के किरदार में दिखकर उन्होंने दर्शकों के दिलों में जगह बना ली है. खासकर 'बड़े अच्छे लगते हैं' में साक्षी तंवर के साथ उनकी जोड़ी लोगों को बहुत पसंद आई. लेकिन इस ऊंचाई तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा.
एक्टिंग की चाहत में पिता से दूरी
राम कपूर का जन्म 1 सितंबर 1973 को नई दिल्ली में हुआ. उनके पिता अनिल कपूर विज्ञापन क्षेत्र के जाने-माने शख्स थे. परिवार में अच्छी पढ़ाई और सुरक्षित करियर की उम्मीदें थीं. लेकिन राम का मन बचपन से ही अभिनय की तरफ खिंचता रहा. स्कूल के दिनों में थिएटर से जुड़कर उन्होंने तय कर लिया कि एक्टिंग ही उनका रास्ता होगा.
गुजारे के लिए बेची सेकेंड हैंड कारें
जब उन्होंने ये फैसला सुनाया तो पिता खुश नहीं हुए. वे चाहते थे कि बेटा पढ़ाई पूरी करके कोई स्थिर नौकरी चुने. राम अड़े रहे और वह अमेरिका गए. शुरू में फिल्ममेकिंग सीखने का इरादा था, लेकिन वहां एक्टिंग की दुनिया ने उनका दिल जीत लिया. पढ़ाई के दौरान पिता ने आर्थिक मदद बंद कर दी. वे चाहते थे कि बेटा अपने फैसले की जिम्मेदारी खुद उठाए.
Also Read
पैसे की तंगी में राम ने छोटे-मोटे काम किए. सेकेंड हैंड गाड़ियां खरीदकर बेचने का काम भी किया. अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश जारी रखी. इस फैसले की वजह से पिता से रिश्ते कई सालों तक खराब रहे. करीब दस साल तक दोनों के बीच दूरी बनी रही. बाद में समय ने सब ठीक कर दिया. पिता को बेटे के फैसले पर भरोसा हो गया और रिश्ते फिर से बेहतर हो गए.
राम हमेशा कहते रहे कि वे पिता के नाम का फायदा नहीं उठाना चाहते थे. वे अपनी मेहनत और काम से पहचाने जाना चाहते थे. धीरे-धीरे उन्होंने टीवी और फिल्मों में जगह बनाई. कई यादगार भूमिकाएं निभाईं. लेकिन असली पहचान 'बड़े अच्छे लगते हैं' से मिली. इस शो ने उन्हें स्टार बना दिया.