मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 जिसका आधिकारिक नाम धुरंधर द रिवेंज है, जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. इसी दिन यश की फिल्म टॉक्सिक ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स भी रिलीज के लिए तैयार है. दोनों फिल्मों के बीच टकराव को इस साल का सबसे बड़ा बॉक्स ऑफिस मुकाबला माना जा रहा है. इस हाई वोल्टेज क्लैश के बीच फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने लंबा नोट लिखकर अपनी राय जाहिर की है. उनका कहना है कि यह नॉर्थ बनाम साउथ या बॉलीवुड बनाम सैंडलवुड की लड़ाई नहीं है, बल्कि दो अलग सिनेमा सोच के बीच सीधी भिड़ंत है.
राम गोपाल वर्मा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि दोनों फिल्मों में मुख्य अंतर यह है कि धुरंधर दर्शकों की समझदारी का सम्मान करती है जबकि टॉक्सिक उन्हें कम आंकती है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब किसी फिल्म में हीरो की पूजा और ऊंची आवाज वाले बैकग्राउंड म्यूजिक पर जोर दिया जाता है तो वह दर्शकों को सोचने का मौका नहीं देती. वर्मा के अनुसार धुरंधर जैसी फिल्में कठिन कहानी कहने से नहीं डरतीं और मानती हैं कि दर्शक खुद फैसला लेने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने कहा कि आम दर्शक मसाला फार्मूले से कहीं ज्यादा समझदार हैं.
वर्मा ने निर्देशक आदित्य धर की खुलकर सराहना की. उनका कहना है कि आदित्य ने फिल्म बनाते समय कभी भी दर्शकों को हल्के में नहीं लिया. उन्होंने यह भी कहा कि धुरंधर ने पहले भी बड़े स्तर पर कमाई कर यह साबित किया था कि कंटेंट पर भरोसा करने वाली फिल्में ग्लोबल स्तर पर पहचान बना सकती हैं. उनका मानना है कि दर्शक अब सिर्फ तमाशा नहीं बल्कि मजबूत कहानी भी चाहते हैं. इसलिए यह मुकाबला सिर्फ स्टार पावर का नहीं बल्कि सोच का भी है.
दूसरी ओर यश की फिल्म टॉक्सिक को बड़े पैमाने पर एक्शन और विजुअल्स के लिए जाना जा रहा है. फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं. वर्मा के बयान के बाद दोनों फिल्मों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई लोग इसे मनोरंजन बनाम कंटेंट की बहस के रूप में देख रहे हैं. वहीं कुछ का मानना है कि दोनों फिल्मों का अपना अलग दर्शक वर्ग है और बॉक्स ऑफिस पर असली फैसला जनता करेगी.
राम गोपाल वर्मा ने साफ किया कि उनका बयान किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं बल्कि भारतीय सिनेमा के भविष्य को लेकर उनकी उम्मीद का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि वह 19 मार्च का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब यह साफ होगा कि दर्शक किस तरह की फिल्म को प्राथमिकता देते हैं.