Prahaar Teaser: राजकुमार राव एक बार फिर अपनी जबरदस्त एक्टिंग से सबका ध्यान खींचने को तैयार हैं. उनकी आगामी फिल्म 'प्रहार – द उज्जवल निकम स्टोरी' का टीजर गुरुवार को रिलीज हो गया है और सोशल मीडिया पर धूम मचा रखा है. टीजर देखते ही दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए. कई लोग तो कह रहे हैं कि राजकुमार को इस रोल के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलना चाहिए.
फिल्म में राजकुमार राव देश के मशहूर पब्लिक प्रॉसीक्यूटर उज्जवल निकम का रोल निभा रहे हैं. टीजर में उनका ट्रांसफॉर्मेशन देखकर हैरानी होती है. बॉडी लैंग्वेज, लुक और खासतौर पर मराठी भाषा पर उनकी पकड़ कमाल की लग रही है. राजकुमार हमेशा से ही अलग-अलग किरदारों में खुद को ढालने के लिए मशहूर रहे हैं और इस बार भी उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है.
टीजर में 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद अजमल कसाब के मुकदमे पर खास फोकस दिख रहा है. कोर्ट रूम के वो तीखे संवाद और हाई-वोल्टेज ड्रामा दर्शकों को जोड़े रखने वाला है. फिल्म उज्जवल निकम की जिंदगी और उनके बड़े-बड़े केसों पर आधारित है, जिन्होंने देश को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
मैडॉक फिल्म्स और दिनेश विजन द्वारा प्रोड्यूस इस फिल्म का टीजर रिलीज होते ही फैंस ने जमकर तारीफ की. कई लोगों ने राजकुमार को 'गूसबंप्स' देने वाला परफॉर्मेंस बताया. कुछ ने तो सीधे कहा- 'ये रोल नेशनल अवॉर्ड के लायक है.'
फिल्म में राजकुमार राव के अलावा जयदीप अहलावत, वामिका गब्बी और सिकंदर खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. पूरी टीम ने इस बायोपिक को बेहद खास बनाने की कोशिश की है. राजकुमार राव का करियर पिछले कुछ सालों में काफी मजबूत रहा है. फैंस को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं. 'प्रहार – द उज्जवल निकम स्टोरी' 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है.