menu-icon
India Daily

नीम करोली बाबा की बायोपिक 'हनुमान अंश' का बनेगा सीक्वल, डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने किया कंफर्म

निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्म हनुमान अंश के सीक्वल की पुष्टि कर दी है. नीम करोली बाबा पर बनी इस जीवनी फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. अब पार्ट 2 भी आने वाला है.

antima
Edited By: Antima Pal
नीम करोली बाबा की बायोपिक 'हनुमान अंश' का बनेगा सीक्वल, डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने किया कंफर्म
Courtesy: X

Hanuman Ansh Sequel Confirmed: बॉलीवुड में एक बड़ी खबर आई है. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्म हनुमान अंश के सीक्वल की पुष्टि कर दी है. नीम करोली बाबा पर बनी इस जीवनी फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया है. अब पार्ट 2 भी आने वाला है.

'हनुमान अंश' का बनेगा सीक्वल

हनुमान अंश 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई थी. इसमें मुख्य भूमिका में शोभिनव सत्य हैं. फिल्म का बजट सिर्फ 2 करोड़ रुपये था, लेकिन 26 दिनों में इसने भारत में 54.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली. बिना किसी बड़े प्रचार के शुरू हुई फिल्म ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ी. पहले दो हफ्तों में 4.48 करोड़ कमाए, फिर तीसरे हफ्ते में कमाई में जबरदस्त उछाल आया.

डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने किया कंफर्म

विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि हनुमान अंश 2 में बाबा के जीवन के और महत्वपूर्ण अध्याय दिखाए जाएंगे. कहानी पहले उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से शुरू होगी. उसके बाद आगरा, मथुरा और अन्य जगहों से जुड़े प्रसंग आएंगे, जहां उनकी आध्यात्मिक यात्रा जुड़ी हुई है. पार्ट 2 बाबा की जिंदगी को और गहराई से पेश करेगा.

फिल्म की तारीफ करते हुए कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि हनुमान अंश कोई साधारण फिल्म नहीं, बल्कि सत्संग जैसी है. इसमें उन लोगों की छोटी-छोटी कहानियां हैं, जिन्होंने नीम करोली बाबा से सीधा अनुभव लिया. उन्होंने कहा कि लोग थेरेपी छोड़कर इसे जरूर देखें.

हनुमान अंश इस साल की सबसे सफल फिल्मों में शामिल हो गई है. कम बजट में इतनी कमाई और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने सभी को चौंकाया है. अब सीक्वल की खबर से फैंस और उत्साहित हैं. जो लोग पहली फिल्म देख चुके हैं, वे जरूर पार्ट 2 का इंतजार करेंगे.