Mahakali Glimpse: फिल्म 'धुरंधर' में जबरदस्त अदाकारी के बाद अक्षय खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने अपनी अगली फिल्म 'महाकाली' के फर्स्ट लुक से सबको चौंका दिया है. सोमवार को जारी हुए इस टीजर को देखने के बाद यकीन मानिए, आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे.
'हनुमान' फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद निर्देशक प्रशांत वर्मा अब अपने यूनिवर्स की अगली फिल्म 'महाकाली' लेकर आ रहे हैं. इसमें अक्षय खन्ना बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए हैं. फिल्म में वह असुरों के गुरु शुक्राचार्य का किरदार निभा रहे हैं. यह लुक देखकर फैंस हैरान रह गए हैं क्योंकि अक्षय इस बार बहुत डरावने और शक्तिशाली लग रहे हैं.
लगभग तीन मिनट का यह टीजर मां काली के मंदिर से शुरू होता है. मंदिर में एक महिला अपना छोटा बच्चा छोड़कर भाग जाती है. उसके बाद शुक्राचार्य रक्तबीज को आदेश देते हैं कि मानव जाति का सर्वनाश कर दो. टीजर के आखिर में मां काली उसी बच्चे को अपनी गोद में लिटाए नजर आती हैं. यह आखिरी सीन बहुत प्रभावशाली है और देखने वाले के दिल में भय और उत्साह दोनों पैदा करता है.
फिल्म 'महाकाली' प्रशांत वर्मा के 'हनुमान' यूनिवर्स का हिस्सा है. यह फिल्म अगले साल 8 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अक्षय खन्ना के अलावा इसमें श्रिया रेड्डी, भूमि शेट्टी और रोहित सराफ जैसे कई बड़े कलाकार भी हैं. फिल्म का निर्देशन पूजा कोल्लुरू ने किया है. अक्षय खन्ना का यह नया अवतार फैंस को बहुत पसंद आ रहा है. सोशल मीडिया पर लोग टीजर की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि विजुअली यह बहुत भव्य और आकर्षक है. आखिरी सीन तो सच में रोंगटे खड़े कर देता है
यह फिल्म पौराणिक कथाओं पर आधारित है और इसमें मां काली की शक्ति तथा असुरों के गुरु शुक्राचार्य की कहानी को नए अंदाज में दिखाया जाएगा. अक्षय खन्ना की अदाकारी हमेशा से मजबूत रही है. इस बार भी वह शुक्राचार्य के किरदार में डरावने और प्रभावशाली लग रहे हैं.