जिसने अजय देवगन को दिया था पहला बड़ा ब्रेक, उस मशहूर डायरेक्टर का हुआ निधन
अभिनेता अजय देवगन को ‘फूल और कांटे’ से बॉलीवुड में लॉन्च करने वाले फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. हार्ट अटैक के बाद मुंबई के अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ा.
नई दिल्ली: कुकू कोहली के निधन से हिंदी फिल्म जगत में शोक की लहर है. मंगलवार को 77 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में अंतिम सांस ली. फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की. बताया गया कि कुकू कोहली को हार्ट अटैक आया था. उन्हें खास तौर पर 1991 की फिल्म ‘फूल और कांटे’ के निर्देशक के रूप में याद किया जाता है, जिसने अजय देवगन को हिंदी सिनेमा में पहचान दिलाई.
कुकू कोहली ने 1991 में ‘फूल और कांटे’ से निर्देशक के रूप में शुरुआत की. फिल्म सफल रही और अजय देवगन रातोंरात दर्शकों के बीच पहचान बनाने में कामयाब हुए. इसके बाद कुकू ने ‘कोहराम’, ‘सुहाग’, ‘हकीकत’ और ‘जुल्मी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. ‘सुहाग’ में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार एक साथ पर्दे पर नजर आए थे.
राज कपूर के साथ शुरू हुआ सफर
कुकू कोहली का फिल्मी सफर राज कपूर की फिल्म ‘बॉबी’ से जुड़ा. उन्होंने फिल्म में सहायक के तौर पर काम किया और कई वर्षों तक राज कपूर के साथ रहकर सिनेमा की बारीकियां सीखीं. इसके बाद वह ‘बेताब’ में सेकेंड यूनिट डायरेक्टर रहे. सनी देओल और अमृता सिंह की यह फिल्म सफल रही. उन्होंने ‘अर्जुन’ में भी काम किया.
Also Read
- रिया अहीर की बिग बॉस 20 में एंट्री? सलमान खान ने नए प्रोमो में दिखाई झलक, लोगों ने जमकर किया ट्रोल
- 'संस्कृति दिल में होती है, नेकलाइन में नहीं...', रक्षाबंधन विज्ञापन पर ट्रोलिंग के बाद कृति सेनन का दो टूक जवाब
- Gandhari Trailer: आंखों पर पट्टी बांधे तापसी पन्नू का दमदार अवतार, गुमशुदा बच्ची की तलाश में निकलीं, ट्रेलर ने उड़ाए होश
‘हकीकत’ को मिले सात फिल्मफेयर नामांकन
1995 में कुकू कोहली की ‘हकीकत’ रिलीज हुई, जिसमें अजय देवगन और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की सात श्रेणियों में नामांकन मिला. कुकू कोहली को भी सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में नामांकन हासिल हुआ. बाद में उन्होंने ‘जुल्मी’, ‘अनाड़ी नंबर 1’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्में बनाईं. उनकी अंतिम फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ 2004 में आई थी.
अरुणा ईरानी से गुपचुप की थी शादी
कुकू कोहली की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही. उनकी पहली शादी रीता कोहली से हुई थी और दोनों की दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं. बाद में अभिनेत्री अरुणा ईरानी से उनका रिश्ता बना. दोनों की मुलाकात ‘कोहराम’ के सेट पर हुई थी. काम के दौरान नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने 1990 में शादी कर ली, हालांकि लंबे समय तक इसे सार्वजनिक नहीं किया.
निजी रखा रिश्ता, नहीं किए बच्चे
अरुणा ईरानी ने बताया था कि कुकू पहले से शादीशुदा थे और उनकी पहली पत्नी से दो बेटियां थीं. इसी वजह से दोनों ने अपने रिश्ते को लंबे समय तक निजी रखा. पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने अपने संबंध को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया. शादी के बाद अरुणा और कुकू ने बच्चे नहीं करने का फैसला किया था. अरुणा के मुताबिक, कुकू के पहले से बच्चे थे और उनकी उम्र को देखते हुए दोनों ने यह निर्णय लिया.