25 दिन में 50 करोड़ कमाए, हनुमान अंश बनी ब्लॉकबस्टर; मेकर्स ने कंफर्म किया सेकंड पार्ट
नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बनी ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. अब इसके सीक्वल की तैयारी शुरू हो गई है.
‘हनुमान अंश’ की सफलता ने फिल्म की पूरी टीम को उत्साहित कर दिया है. रिलीज के दूसरे हफ्ते के बाद फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला. बढ़ते शोज और अच्छे वर्ड ऑफ माउथ से इसकी कमाई लगातार मजबूत हुई। अब फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है.
‘हनुमान अंश’ की कमाई ने बढ़ाई सीक्वल की उम्मीद
नीम करोली बाबा की जिंदगी पर आधारित ‘हनुमान अंश’ ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है. लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. खास बात यह है कि रिलीज के दूसरे हफ्ते के बाद दर्शकों में फिल्म को लेकर दिलचस्पी और बढ़ी. सिनेमाघरों में इसके शो लगातार बढ़ रहे हैं और दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का सीधा फायदा कमाई पर दिखाई दे रहा है. मौजूदा समय में यश की पैन इंडिया फिल्म ‘टॉक्सिक’ के बीच भी ‘हनुमान अंश’ अपनी पकड़ बनाए हुए है.
‘हनुमान अंश 2’ में दिखेगी बाबा की नई कहानी
फिल्म के दूसरे पार्ट का संकेत पहले ही क्लाइमैक्स में दिया गया था. कहानी को एक फिल्म में खत्म करने के बजाय निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने नीम करोली बाबा के जीवन को आगे भी दिखाने की योजना बनाई थी. अब पहली फिल्म की सफलता के बाद सीक्वल पर काम आगे बढ़ने की बात सामने आई है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से मुलाकात के दौरान निर्देशक ने पार्ट 2 को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अगली फिल्म बाबा की जन्मभूमि फिरोजाबाद से शुरू होकर आगरा और मथुरा में बिताए उनके जीवन पर ध्यान देगी.
Also Read
तीन फिल्मों में दिखाई जाएगी नीम करोली बाबा की जिंदगी
‘हनुमान अंश’ को शुरुआत में ही एक ट्रायलॉजी के रूप में पेश किया गया था. निर्देशक विशाल चतुर्वेदी बाबा नीम करोली के जीवन को तीन हिस्सों में दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं. इस पूरी कहानी की प्रेरणा ‘डिवाइन डीटूर’ नाम की किताब से ली गई है, जिसे खुद निर्देशक ने लिखा है. पहली फिल्म को मिले रिस्पॉन्स के बाद अब दर्शकों की नजर अगले अध्याय पर है. पार्ट 2 में बाबा के शुरुआती जीवन और आगरा-मथुरा से जुड़े दौर को प्रमुखता से दिखाया जाएगा, जिससे कहानी को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा.