'मेरे जिस्म के टुकड़े-टुकड़े कर के...', इमरान हाशमी का नया अवतार; 'गन मास्टर G9' का दमदार टीजर आउट
'आवारापन 2' की सफलता के बाद इमरान हाशमी अब एक नए किरदार में नजर आने वाले हैं. टीजर से साफ है कि इस फिल्म में उनका लुक और परफॉर्मेंस दोनों काफी अलग और दमदार होने वाले हैं.
Gunmaaster G9 Teaser: बॉलीवुड में एक बार फिर एक्शन और रोमांस का मेल देखने को मिलने वाला है. अभिनेता इमरान हाशमी अपनी अगली फिल्म 'गन मास्टर G9' के साथ वापसी करने जा रहे हैं. मंगलवार को इस फिल्म का आधिकारिक टीजर रिलीज हो गया है. करीब एक मिनट 22 सेकंड का यह टीजर काफी प्रभावशाली है और दर्शकों को फिल्म के बारे में काफी कुछ बताता है.
'गन मास्टर G9' का टीजर आउट
'आवारापन 2' की सफलता के बाद इमरान हाशमी अब एक नए किरदार में नजर आने वाले हैं. टीजर से साफ है कि इस फिल्म में उनका लुक और परफॉर्मेंस दोनों काफी अलग और दमदार होने वाले हैं. फिल्म एक्शन-रोमांटिक शैली की है. इसमें इमरान के साथ जेनेलिया डिसूजा और अपारशक्ति खुराना भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाएंगे.
Also Read
खास बात यह है कि सालों बाद इमरान हाशमी और सिंगर-म्यूजिक डायरेक्टर हिमेश रेशमिया की जोड़ी फिर से एक साथ काम कर रही है. दोनों की पिछली फिल्मों ने दर्शकों को काफी पसंद आई थीं. अब 'गन मास्टर G9' में भी हिमेश का संगीत फिल्म को और खास बना सकता है.
टीजर की शुरुआत में ही इमरान हाशमी को बड़ी भीड़ के बीच संघर्ष करते दिखाया गया है. कई जगहों पर उन पर गोलियों की बौछार हो रही है, लेकिन वे हर मुश्किल का सामना करते नजर आते हैं. टीजर में इमरान की आवाज में एक भावुक और मजबूत डायलॉग भी सुनाई देता है. वे कहते हैं कि उन्हें चाहे कैसी भी मौत दी जाए, उनके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए जाएं, लेकिन महादेव से उनकी विनती है कि जब तक वे अपने इश्क की दहलीज तक नहीं पहुंच जाते, उनकी सांसें न ली जाएं. यह डायलॉग फिल्म के रोमांटिक और एक्शन दोनों पहलुओं को उजागर करता है.
आजकल दर्शक मसालेदार एक्शन वाली फिल्में पसंद कर रहे हैं. ऐसे में इमरान हाशमी भी खुद को 'रीलोड' करके बड़े पर्दे पर नया रूप पेश करने वाले हैं. टीजर देखने के बाद कई फैंस ने सोशल मीडिया पर उत्साह जताया है. लोग फिल्म के फुल ट्रेलर और गानों का इंतजार कर रहे हैं.
'गन मास्टर G9' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इमरान हाशमी की इस नई फिल्म से बॉलीवुड में एक और एक्शन-रोमांस का मिश्रण देखने को मिलेगा. टीजर ने पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच लिया है. अब फिल्म की पूरी कहानी और गाने कब आते हैं, यह देखने वाली बात होगी.