'न कोई जीता, न कोई हारा', रणवीर सिंह मामले में बैकफुट पर FWICE! वापस लिया नॉन कॉपरेशन डायरेक्शन का फैसला
यह विवाद 25 मई को तब शुरू हुआ, जब FWICE ने फरहान और उनके प्रोडक्शन पार्टनर रितेश सिधवानी द्वारा 'इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन' में दर्ज कराई गई एक शिकायत के बाद, रणवीर के खिलाफ 'असहयोग' का निर्देश जारी किया था.
FWICE On Ranveer Singh: बॉलीवुड में 'डॉन 3' को लेकर चल रहे विवाद में अचानक बड़ा बदलाव आ गया है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ जारी किया गया नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव वापस ले लिया है. यह फैसला 3 जून 2026 को लिया गया.
रणवीर सिंह मामले में बैकफुट पर FWICE
FWICE के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने बताया कि इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन, प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की अपील पर यह कदम उठाया गया है. सभी पक्षों के साथ बैठक के बाद फैसला लिया गया कि अब कोई भी पक्ष परेशान न हो.
'न कोई जीता, न कोई हारा'
रणवीर सिंह ने FWICE को लीगल नोटिस भेजा था, जिसके बाद फेडरेशन ने यह राहत दी है. तिवारी ने स्पष्ट कहा- 'हम तुरंत प्रभाव से अपना नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव वापस ले रहे हैं. कोई जीता नहीं है और कोई हारा नहीं है. हमारा लीगल विभाग रणवीर के नोटिस का जवाब देगा.'
कैसे शुरू हुआ विवाद?
सब कुछ तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने फिल्म 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया. शूटिंग शुरू होने से महज कुछ हफ्ते पहले यह फैसला आने के बाद प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और रितेश सिद्धवानी ने FWICE से शिकायत की. फेडरेशन ने 25 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी कर दिया था. उन्होंने दावा किया था कि रणवीर तीन बार मीटिंग में नहीं आए और ईमेल में कहा कि यह उनका मुद्दा नहीं है.
अब FWICE के इस फैसले से रणवीर सिंह को बड़ी राहत मिली है. फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े संगठनों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत होने की ओर बढ़ रहा है. रणवीर की टीम पहले ही कह चुकी है कि अभिनेता पूरे फिल्म फ्रेटर्निटी का सम्मान करते हैं और वे पब्लिक में विवाद नहीं बढ़ाना चाहते. उनका फोकस अब अपनी आगामी फिल्मों पर है.
अभी क्या होगा डॉन 3 का?
फरहान अख्तर की इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उत्सुकता है. रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद अब नया हीरो कौन होगा, इस पर चर्चा तेज हो गई है. फिल्म की शूटिंग कब शुरू होगी, यह अभी साफ नहीं है. FWICE के इस फैसले से रणवीर सिंह के फैंस काफी खुश हैं.