menu-icon
India Daily

Disha Salian Death Case: CBI जांच के आदेश के बाद भावुक हुए दिशा सालियान के पिता, कहा- 6 साल से इंतजार कर रहा था

सतीश सालियन ने बताया कि उनकी बेटी की मौत के बाद आज पहली बार आंसू आए. उन्होंने कहा- 'मैं छह साल से इंतजार कर रहा था. खुशी का कोई कारण नहीं है क्योंकि मैंने अपनी बेटी खो दी है. लेकिन आज राहत महसूस हो रही है. मैंने जज साहब के सामने हाथ जोड़कर आभार जताया.'

antima
Edited By: Antima Pal
Disha Salian Death Case: CBI जांच के आदेश के बाद भावुक हुए दिशा सालियान के पिता, कहा- 6 साल से इंतजार कर रहा था
Courtesy: X

Disha Salian Death Case: सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद दिशा के पिता सतीश सालियन भावुक हो गए. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे छह साल से इस दिन का इंतजार कर रहे थे.

सतीश सालियन ने बताया कि उनकी बेटी की मौत के बाद आज पहली बार आंसू आए. उन्होंने कहा- 'मैं छह साल से इंतजार कर रहा था. खुशी का कोई कारण नहीं है क्योंकि मैंने अपनी बेटी खो दी है. लेकिन आज राहत महसूस हो रही है. मैंने जज साहब के सामने हाथ जोड़कर आभार जताया. आज तक एक भी आंसू नहीं आया था, लेकिन आज आंसू रुक नहीं रहे. सत्य की जीत हुई है और आगे भी सत्य की ही जीत होगी.'

दिशा सालियन की मौत को लेकर परिवार शुरू से ही संदेह जताता रहा है. सतीश सालियन का आरोप है कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं थी. उन्होंने लंबे समय से न्याय की मांग की थी. हाईकोर्ट के आदेश के बाद परिवार को उम्मीद जगी है कि अब सच्चाई सामने आएगी.

परिवार के वकील नीलेश ओझा ने कोर्ट के निर्देशों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि अदालत ने सीबीआई को निर्देश दिया है कि सतीश सालियन का बयान दर्ज करे, एफआईआर दर्ज करे और एक वरिष्ठ अधिकारी को जांच सौंपे. मालवणी पुलिस स्टेशन को सभी रिकॉर्ड सीबीआई को सौंपने होंगे. सबूत मिलने पर कार्रवाई होगी, बिना सबूत के किसी को आरोपी नहीं बनाया जाएगा. अगर सीबीआई नकारात्मक रिपोर्ट दे तो परिवार विरोध याचिका दायर कर सकता है.

बीजेपी विधायक राम कदम ने भी इस फैसले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आखिरकार दिशा सालियन के परिवार को न्याय मिला है. उन्होंने जोड़ा कि दिशा के पिता खुद कह रहे हैं कि उनकी बेटी सिर्फ नहीं मरी, बल्कि उन्हें प्रताड़ित किया गया और हत्या की गई. यह मामला सालों से चर्चा में रहा है. दिशा सालियन सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थीं और उनकी मौत के बाद से कई सवाल उठते रहे. परिवार अब सीबीआई जांच से उम्मीद लगाए बैठा है कि सच्चाई सामने आएगी.