₹42 लाख का बिल माफ, मुनाफा बच्चों के नाम! शाहरुख खान और ‘देऊल बंद 2’ ने जीता दिल
मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये के करीब पहुंच रही है. निर्देशक प्रवीण तारडे ने बताया कि फिल्म की प्रोडक्शन कॉस्ट निकालने के बाद मुनाफा किसान आत्महत्या से प्रभावित बच्चों की पढ़ाई और जरूरतों के लिए दान किया जा रहा है.
मुंबई: मराठी फिल्म ‘देऊल बंद 2’ अपनी कहानी और शानदार बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के साथ एक बेहद खास सामाजिक पहल को लेकर भी चर्चा में है. करीब 8 से 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच चुकी है. फिल्म के निर्देशक प्रवीण तारडे ने बताया कि प्रोडक्शन कॉस्ट निकालने के बाद फिल्म से होने वाला मुनाफा महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या से प्रभावित बच्चों की मदद के लिए दान किया जा रहा है. वहीं, फिल्म की रिलीज के दौरान शाहरुख खान ने भी मेकर्स की बड़ी मदद की और 42 लाख रुपये का DCP बिल माफ करवा दिया.
फिल्म के मुनाफे से किसान परिवारों के बच्चों की मदद
किसान परिवार से आने वाले प्रवीण तारडे ने बताया कि फिल्म की सफलता का फायदा उन परिवारों तक पहुंचाने का फैसला किया गया, जो किसान आत्महत्याओं के कारण आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं. फिल्म से होने वाले मुनाफे का इस्तेमाल ऐसे बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में किया जा रहा है, जिन्होंने किसान आत्महत्या के कारण अपने माता-पिता को खो दिया है.
महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों के बच्चों को इस पहल में विशेष तौर पर मदद दी जा रही है. मेकर्स का उद्देश्य है कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद बच्चे अपनी पढ़ाई जारी रख सकें. प्रवीण तारडे के मुताबिक, टीम ने बच्चों को आर्थिक सहायता देना शुरू कर दिया है. इतना ही नहीं, फिल्म से जुड़े फंड से करीब 250 बच्चों को दिन में दो वक्त का खाना भी उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रवीण तारडे ने इस पहल को आगे भी जारी रखने की इच्छा जताई है और इसके लिए निर्माता कैलाश वाणी का आभार व्यक्त किया है.
Also Read
सिर्फ 8 से 10 करोड़ के बजट में बनी फिल्म
‘देऊल बंद 2’ ने अपनी कम लागत के मुकाबले बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. करीब 8 से 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 2.89 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. इसके बाद दर्शकों के अच्छे रिस्पॉन्स के चलते फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दुनियाभर में करीब 91.50 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इसमें लगभग 6.55 करोड़ रुपये इंटरनेशनल मार्केट से और 2.45 करोड़ रुपये टेंट शो से आने की बात कही जा रही है. फिल्म जल्द ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है.
शाहरुख खान ने माफ किया ₹42 लाख का DCP बिल
फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स के सामने एक बड़ी आर्थिक चुनौती भी खड़ी हो गई थी. सिनेमाघरों में फिल्म दिखाने के लिए जरूरी डिजिटल सिनेमा पैकेज यानी DCP तैयार कराने का खर्च 42 लाख रुपये तक पहुंच गया था. मेकर्स ने शुरुआत में इसके लिए करीब 12 लाख रुपये का बजट सोचा था. ऐसे में 42 लाख रुपये का बिल उनके लिए बड़ा झटका था. मामला शाहरुख खान तक पहुंचा. प्रवीण तारडे के मुताबिक, शाहरुख खान ने बिल माफ करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मराठी फिल्म को DCP उपलब्ध कराया जाए और भुगतान की चिंता बाद में की जा सकती है.