Bharti Singh Birthday: भारती सिंह इंडस्ट्री की सबसे मशहूर और सफल कॉमेडियन्स में से एक हैं. उन्हें लोग प्यार से ‘कॉमेडी क्वीन’ भी कहते हैं. भारती एक बेहतरीन स्टैंड-अप कॉमेडियन, अभिनेत्री और टीवी होस्ट हैं. उनका जन्म 3 जुलाई 1984 को अमृतसर (पंजाब) के एक साधारण परिवार में हुआ था. उनके दो बड़े भाई-बहन हैं. महज 2 साल की उम्र में उनके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. भारती ने पंजाब से ही ग्रेजुएशन पूरा किया.
भारती ने अपना करियर 2008 में शुरू किया. वे स्टार वन के शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में हिस्सा लेकर चर्चा में आईं. इस शो में उनकी कॉमेडी को लोगों ने बहुत पसंद किया और वे दूसरी रनर-अप बनीं. इसके बाद उनका सफर लगातार आगे बढ़ता गया.
भारती ने ‘द कपिल शर्मा शो’, ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘खतरा खतरा खतरा’, ‘झलक दिखला जा’, ‘हुनरबाज’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ जैसे कई लोकप्रिय शोज में अपनी कमाल का कॉमेडी टैलेंट दिखाया है. वर्तमान में वो ‘लाफ्टर शेफ्स’ शो की होस्टिंग भी कर रही हैं. उनका ‘बिट्टू’ और ‘लल्ली’ जैसे किरदार आज भी लोगों के दिलों में बस गए हैं.
भारती सिंह ने 3 दिसंबर 2017 को अपने बॉयफ्रेंड हर्ष लिंबाचिय्या से शादी की. हर्ष भी टीवी लेखक और होस्ट हैं. इन दोनों के दो बेटे लक्ष्य (गोला) और यशवीर (काजू) हैं. इनका पूरा परिवार मुंबई में रहता है.
बता दें कि 30 जून को भारती के शो ‘लाफ्टर शेफ्स- अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट’ का सीजन 3 खत्म हुआ. शो में टीवी और सोशल मीडिया के कलाकार हंसी-मजाक के बीच खाना बनाने की चुनौती लेते थे. शो को काफी पसंद किया गया. भारती सिंह ने अपनी मेहनत, कॉमेडी और पॉजिटिव एनर्जी से टीवी इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है. आज वे न सिर्फ कॉमेडियन बल्कि एक सफल टीवी होस्ट और अभिनेत्री के रूप में भी जानी जाती हैं. उनकी कहानी साधारण परिवार से उठकर मुश्किलों का सामना करते हुए सफलता हासिल करने की मिसाल है.