कनाडा में गोलीबारी के बाद एमी विर्क के पिता का बड़ा बयान, बोले- बेटे को कोई खतरा नहीं
पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के कनाडा कॉन्सर्ट के बाद हुई गोलीबारी की घटना को लेकर उनके पिता कुलजीत सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने एमी या उनकी कार को निशाना बनाए जाने की खबरों से इनकार किया है.
पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क के कनाडा कॉन्सर्ट के बाद हुई गोलीबारी की घटना को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं. शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कॉन्सर्ट के बाद उनके काफिले से जुड़ी एक गाड़ी को फायरिंग में निशाना बनाया गया. अब एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए इन खबरों को लेकर अहम जानकारी दी है.
कुलजीत सिंह ने साफ किया है कि उनके बेटे एमी विर्क या उनकी कार को निशाना नहीं बनाया गया था. उनके मुताबिक यह घटना कॉन्सर्ट के आयोजन से जुड़े लोगों से संबंधित हो सकती है.
एमी विर्क को बनाया गया था निशाना?
कुलजीत सिंह ने द ट्रिब्यून से बातचीत में बताया कि एमी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. उन्होंने कहा कि परिवार को मिली जानकारी के मुताबिक गोलीबारी एमी की गाड़ी पर नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह घटना के बारे में जानकारी मिली थी. इसके बाद उन्होंने एमी से संपर्क करने की कोशिश की. कुलजीत सिंह के मुताबिक एमी के भाई भगवंतपाल सिंह विर्क सिंगर के संपर्क में रहते हैं और उनसे मिली जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि एमी या उनकी कार इस घटना का निशाना नहीं थे.
Also Read
क्या हुआ था कनाडा में
यह घटना ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड में 5 सितंबर 2026 की देर रात हुई. एमी विर्क ने इसी दिन अपने 2026 यूनिटी टूर के तहत रोजर्स फोरम में लाइव कॉन्सर्ट किया था. पुलिस के अनुसार रात करीब 11 बजे के बाद मैकलम रोड के 2500-ब्लॉक के पास एक चलती हुई गाड़ी पर फायरिंग की गई. पुलिस ने बताया कि एक गहरे रंग की SUV में मौजूद लोगों ने दूसरी गाड़ी पर गोलियां चलाईं.
इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. गोलीबारी के कुछ समय बाद घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर एक वाहन में आग लगने की सूचना भी पुलिस को मिली. मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों को एक SUV जली हुई हालत में मिली.