'मेरी एक टांग नकली है...' फेम अभिनेता मुश्ताक खान का निधन, 56 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
'वेलकम' और 'हेरा फेरी' जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता मुश्ताक खान का 56 वर्ष की आयु में फेफड़ों के कैंसर के कारण निधन हो गया.
हिंदी सिनेमा के दिग्गज चरित्र और हास्य अभिनेता मुश्ताक खान का 56 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वह फेफड़ों के कैंसर से पीड़ित थे. उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुवार शाम लगभग 7 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. कुछ समय पहले उनका कैंसर ठीक हो गया था, लेकिन आठ दिन पहले यह फिर से उभर आया और उन्हें अंतिम चरण के कैंसर के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
आइकॉनिक डायलॉग से हासिल की खास पहचान
मुश्ताक खान को सुपरहिट फिल्म 'वेलकम' (2007) में उनके यादगार किरदार और डायलॉग के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है. फिल्म में अक्षय कुमार और कटरीना कैफ के साथ उनका 'मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था...' वाला दृश्य बेहद लोकप्रिय और आइकॉनिक बन गया था, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच एक खास पहचान दिलाई.
चार दशकों का शानदार फिल्मी सफर
दशकों लंबे अपने करियर में मुश्ताक खान ने कई प्रमुख बॉलीवुड अभिनेताओं के साथ काम किया. उन्होंने 'हेरा फेरी' (2000), 'राउडी राठौर', 'गदर 2', 'बधाई दो' और 'स्त्री 2' जैसी बड़ी फिल्मों में अपनी अदाकारी का हुनर दिखाया. फिल्मों के अलावा उन्होंने टीवी धारावाहिकों में भी काम किया, जिनमें 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' काफी लोकप्रिय रहा.