KBC: IIT ग्रेजुएट ने 25 लाख के सवाल पर किया क्विट, खेल छोड़ने के बाद अनुमान लगाया तो निकला सही जवाब
केबीसी 18 में आईआईटी रुड़की से ग्रेजुएट कृतगया नायर ने इसरो वैज्ञानिक नंदिनी हरिनाथ से जुड़े 25 लाख रुपये के कठिन सवाल पर शो क्विट कर 12.5 लाख रुपये जीते.
अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के नए एपिसोड में बेंगलुरु के कृतगया नायर हॉटसीट पर पहुंचे. आईआईटी रुड़की से ग्रेजुएट कृतगया एडोब (Adobe) कंपनी में काम करते हैं और अपनी पत्नी (जो एक एआई शोधकर्ता हैं) के साथ कंटेंट क्रिएटर भी हैं. उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 12 प्रश्नों के सही उत्तर दे दिए लेकिन वो 13वें प्रश्न पर आकर अटक गए.
25 लाख रुपये के सवाल पर अटके कृतगया
कृतगया से पूछा गया 13वां प्रश्न 25 लाख रुपए के लिए था. सवाल था: 'स्मिथसोनियन नेशनल एयर एंड स्पेस म्यूजियम में इसरो वैज्ञानिक नंदिनी हरिनाथ की कौन सी वस्तु प्रदर्शित की गई है?" इसके विकल्प थे: (A) चश्मा, (B) साड़ी, (C) डायरी, (D) हैंडबैग. सही उत्तर को लेकर अनिश्चित होने के कारण कृतगया ने कोई जोखिम न लेते हुए खेल छोड़ने (Quit) का फैसला किया और 12.5 लाख रुपये घर ले गए. खेल छोड़ने के बाद अनुमान लगाने पर उन्होंने 'साड़ी' चुना, जो कि सही जवाब था.
कौन हैं इसरो वैज्ञानिक नंदिनी हरिनाथ?
नंदिनी हरिनाथ भारत के पहले मंगल ऑर्बिटर मिशन (मंगलयान) की डिप्टी ऑपरेशंस डायरेक्टर थीं. 1 दिसंबर 2013 को जब मंगलयान ने पृथ्वी की कक्षा छोड़कर मंगल की ओर उड़ान भरी थी, तब उन्होंने लाल और नीले रंग की साड़ी पहनी हुई थी. उनकी यह साड़ी म्यूजियम के इंटरप्लेनेटरी साइंस कलेक्शन में शामिल होने वाली भारत की पहली वस्तु और प्रदर्शित की जाने वाली पहली साड़ी बनी.
Also Read
अमिताभ बच्चन ने जाहिर किया अपना मलाल
शो के दौरान जब कृतगया ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि क्या जीवन में कुछ ऐसा है जिसे वे करना चाहते थे, तो बिग बी ने कहा कि उन्हें हमेशा से कोई संगीतमय वाद्ययंत्र (musical instrument) सीखने की इच्छा थी, लेकिन मौका नहीं मिला. उनके पास कई वाद्ययंत्रों का कलेक्शन है, पर वे उन्हें बजाना नहीं सीख पाए.