NTA को मिले उस लेटर में क्या था? NEET UG परीक्षा को करना पड़ा कैंसिल; जानिए आगे अब क्या होगा

दोबारा परीक्षा की तिथियां और दोबारा जारी किए जाने वाले प्रवेश पत्र का कार्यक्रम एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी किया जाएगा.

ANI
Reepu Kumari

NEET UG Exam Cancled: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (UG) 2026 को रद्द करने की घोषणा की है. NTA के इस ऐलान के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. इसका असर 22.79 लाख कैंडिडेट पर पड़ा है. परीक्षा तय तारीख पर ही होने वाली थी लेकिन अचानक NTA को एक लेटर मिला. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने भारत सरकार की मंजूरी से 3 मई, 2026 को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने और बाद में अधिसूचित तिथियों पर परीक्षा को पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है.

परीक्षण एजेंसी ने बताया कि यह निर्णय केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से एनटीए द्वारा जांचे गए इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए जांच निष्कर्षों के आधार पर लिया गया है. 

केस CBI के हाथ

भारत सरकार ने इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (cbi) को सौंपने का भी निर्णय लिया है ताकि इसमें लगाए गए आरोपों की व्यापक जांच की जा सके. एनटीए ने 6 मई को एनईटी यूजी की प्रोविजनल आंसर-की जारी की. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में 5,432 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें लगभग 22.79 लाख पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हुए थे. इस प्रकार, एनईटी यूजी दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है. 

NTA की सारी तैयारी रह गई धरी की धरी

इससे पहले एनटीए ने एक प्रेस रिलीज के माध्यम से सूचित किया था कि परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,000 से अधिक पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है. एनईटी यूजी 2026 परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है.

SOG टीम को मिला था एक लेटर

बता दें कि SOG टीम को हाथ से लिखा हुआ एक सजेशन लेटर मिला. इस लेटर में NEET एग्जाम के कई सवाल लिखे थे. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें से 120 सवाल ऐसे थे, जो असली पेपर से मेल खाते थे. 90 सवाल बायोलॉजी और 30 कैमेस्ट्री के थे. इस पेपर लीक मामले से एग्जाम प्रोसेस को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

आगे क्या होगा?

प्रभावित छात्रों के लिए, राष्ट्रीय परीक्षा प्रशासन (NTA) जल्द ही पुनर्परीक्षा की तिथियों की घोषणा करेगा. एनटीए ने कहा है कि यह निर्णय छात्रों के हित में और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली पर टिके विश्वास को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. 

 राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने X पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा-'एजेंसी इस बात से अवगत है कि परीक्षा का पुनः संचालन कैंडिडेट और उनके परिवारों को वास्तविक और महत्वपूर्ण असुविधा पहुंचाएगा. एनटीए इस परिणाम को हल्के में नहीं लेता. यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि इसके विकल्प से उस विश्वास को कहीं अधिक और स्थायी क्षति पहुंचती'.

आधिकारिक सूचना के अनुसार, पुनर्परीक्षा की तिथियां और पुनः जारी किए जाने वाले प्रवेश पत्र का कार्यक्रम एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी किया जाएगा.

NEET UG 2026 परीक्षा के बारे में

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातकोत्तर), जिसे NEET UG के नाम से भी जाना जाता है. भारत की एकमात्र अनिवार्य राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है, जिसके माध्यम से AIIMS और JIPMER सहित सरकारी और निजी संस्थानों में MBBS, BDS, AYUSH और BSc नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया जा सकता है. NTA द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के प्रश्न शामिल होते हैं और यह पेन-एंड-पेपर प्रारूप पर आधारित होती है.