नीट पेपर लीक से फूटा छात्रों का गुस्सा, परीक्षा रद्द होने से भड़के छात्र; सड़कों पर उतरी NSUI
NEET-UG 2026 पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई है. जिसके बाद देशभर में भारी हंगामा मच गया है. दिल्ली में NSUI के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक घोटाले को लेकर पूरे देश में भारी हंगामा मच गया है. परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों का गुस्सा और भड़क गया है. दिल्ली में NSUI के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
एक बड़ा फैसला लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करने की घोषणा की है. यह परीक्षा मूल रूप से 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी. पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में असंतोष लगातार बढ़ रहा था. अब परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों की चिंता और बढ़ गई है क्योंकि उन्हें यह परीक्षा दोबारा देनी होगी.
छात्रों का क्या कहना है?
छात्रों का कहना है कि उन्होंने पूरे साल कड़ी मेहनत की लेकिन पेपर लीक के कारण उनका भविष्य दांव पर लग गया है. कई छात्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है.
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने क्या मांगें रखी हैं?
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ जो इस समय दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं और मांग कर रहे हैं कि सरकार इस मामले पर स्पष्टीकरण दे. उन्होंने मांग की कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की. इसके अलावा उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच भारत के सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में होनी चाहिए क्योंकि छात्रों का सरकार पर से भरोसा उठ गया है.
NTA ने क्या कार्रवाई की है?
सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने इस पूरे मामले की जांच CBI को सौंप दी है. अधिकारियों के अनुसार CBI पेपर लीक के आरोपों की विस्तृत जांच करेगी.
NTA ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी और न ही उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा. पहले जमा की गई फीस भी वापस कर दी जाएगी.
कब होगा दोबारा परीक्षा?
दोबारा होने वाली परीक्षा की तारीख जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट और अन्य संचार माध्यमों से घोषित की जाएगी. फिलहाल लाखों छात्र नई परीक्षा तारीख का इंतजार कर रहे हैं और साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग कर रहे हैं.
और पढ़ें
- JEE Advanced Admit Card 2026: जेईई एडवांस एग्जाम 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी, इस डायरेक्ट लिंक से करें डाउनलोड
- HP Board 10th Result 2026: हिमाचल प्रदेश 10वीं का रिजल्ट घोषित, पासिंग परसेंट से टॉपर लिस्ट तक, यहां करें चेक
- CBSE 12th Result 2026: सीबीएसई 12वीं बोर्ड के नतीजों का जल्द कर सकता है ऐलान, जानिए स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का तरीका