इजरायल-ईरान तनाव के बीच CBSE का बड़ा फैसला, इन देशों में रद्द की 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षाएं
सीबीएसई ने गुरुवार को जारी ताजा नोटिस में बताया कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. बोर्ड ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
नई दिल्ली: मध्य पूर्व में जारी सैन्य टकराव का असर अब छात्रों की पढ़ाई पर भी दिखने लगा है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ने के कारण कई देशों में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है.
बोर्ड ने बताया कि कक्षा 10 की 11 मार्च तक तय परीक्षाएं रद्द की जा रही हैं, जबकि 7 मार्च को होने वाली कक्षा 12 की परीक्षा फिलहाल टाल दी गई है. प्रभावित पेपरों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया बाद में बताई जाएगी.
CBSE ने नोटिस किया जारी
सीबीएसई ने गुरुवार को जारी ताजा नोटिस में बताया कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. बोर्ड ने कहा कि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसलिए क्षेत्र में स्थित सभी संबद्ध स्कूलों को नई सूचना मिलने तक सतर्क रहने को कहा गया है.
मीडिल ईस्ट में तनाव
यह निर्णय यूएई के दुबई और अबू धाबी, बहरीन, ईरान की राजधानी तेहरान, सऊदी अरब के रियाद, कुवैत, ओमान के मस्कट और कतर में स्थित सीबीएसई स्कूलों पर लागू किया गया है. इन देशों में हजारों भारतीय छात्र बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होते हैं. क्षेत्र में तनाव उस समय बढ़ गया जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले किए. इसके बाद ईरान की ओर से कई देशों में अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बनाया गया. इससे पूरे इलाके में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई.
अमेरिका ने ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाया?
इस संघर्ष का असर अब दूसरे क्षेत्रों तक भी पहुंचने लगा है. श्रीलंका के तट के पास एक अमेरिकी पनडुब्बी द्वारा ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई. वहीं, अजरबैजान में एक ड्रोन हमले के बाद वहां की सरकार ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
अबतक एक हजार से अधिक लोगों की मौत
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक एक हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें सैनिक और आम नागरिक दोनों शामिल बताए गए हैं. तेहरान में खेल परिसर, फुटबॉल स्टेडियम, नगर निगम भवन और कई दुकानों को भी हमलों में नुकसान पहुंचा है.