ट्रंप के एक बयान से हिला शेयर बाजार! Sensex ने गंवाई 500 अंकों की बढ़त, जानिए गिरावट की 3 बड़ी वजहें
ट्रम्प की ईरान को चेतावनी और मुनाफावसूली से शेयर बाजार शुरुआती तेजी गंवाकर मामूली बढ़त पर बंद हुआ. सेंसेक्स 78,581 और निफ्टी 24,624 पर बंद हुए. निफ्टी को 24,700 के पास कड़ा रेजिस्टेंस मिला.
मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को कारोबार की शुरुआत तो धमाकेदार हुई, लेकिन दिन ढलते-ढलते बढ़त काफी सिमट गई. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को लेकर आई बयानबाजी से निवेशक चौकन्ने हो गए, जिसके बाद बाजार में मुनाफावसूली हावी हो गई.
दिन का खेल खत्म होने पर BSE सेंसेक्स 152.05 अंक (0.19%) की हल्की तेजी के साथ 78,581 पर बंद हुआ. वहीं NSE निफ्टी महज 9.75 अंक (0.04%) बढ़कर 24,624.65 के स्तर पर सिमट गया. इससे पहले सुबह के सत्र में सेंसेक्स 626 से ज्यादा अंक उछलकर 79,055.38 और निफ्टी 24,677.60 के हाई लेवल को छू चुका था.
किस शेयर में कैसी रही हलचल?
कमाई कराने वाले शेयर: श्रीराम फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 2% तक का उछाल दर्ज किया गया.
Also Read
गिरावट वाले शेयर: आईटीसी, एचसीएल टेक और कोल इंडिया जैसे बड़े शेयर 1% तक टूटकर बंद हुए.
शुरुआती तेजी पर पानी क्यों फिरा?
डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी: ट्रंप के इस बयान ने बाजार का मूड बिगाड़ दिया कि अगर 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' का रास्ता बंद रहता है तो ईरान पर बड़ा हमला किया जा सकता है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत जारी है और अगले दो दिनों में स्थिति साफ होगी. एक्सपर्ट्स का मानना है कि इन वैश्विक चिंताओं के बीच भारतीय निवेशक अब कंपनियों के नतीजों और देश की आर्थिक मजबूती पर वापस ध्यान दे रहे हैं.
ऊंचे स्तरों पर बिकवाली- बाजार में आई मजबूत शुरुआती बढ़त को देखते हुए ट्रेडर्स ने अपने शेयर बेचकर मुनाफा कमाना बेहतर समझा. इसी बिकवाली के दबाव ने इंडेक्स को ऊपर टिकने नहीं दिया.
24,700 का कड़ा रेजिस्टेंस- तकनीकी चार्ट पर निफ्टी के लिए 24,700 का स्तर पार करना बड़ी चुनौती बना हुआ है. RBI की पॉलिसी घोषणाओं के बाद ट्रेडर्स किसी भी बड़े दांव से पहले इंतजार के मूड में दिखे.
LKP सिक्योरिटीज के जानकारों के मुताबिक, निफ्टी में अभी कुछ समय तक सीमित दायरे में ही कारोबार देखने को मिलेगा. फिलहाल नीचे 24,400 का स्तर मजबूत सहारा (सपोर्ट) है, जबकि ऊपर 24,800 पर बड़ी रुकावट (रेजिस्टेंस) है. निफ्टी जब तक 24,800 के पार नहीं निकलता, तब तक बाजार में नई तेजी आना मुश्किल है.