Rakshabandhan 2026

LPG कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती, जानें नई कीमत

देशभर के व्यापारियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती कर दी है.

Pinterest
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: देशभर के व्यापारियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG गैस सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती कर दी है. इस फैसले से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और फूड बिजनेस से जुड़े लोगों को काफी फायदा मिलेगा. नए रेट 1 जुलाई 2026 से लागू हो गए हैं.

अब 19 किलो का कमर्शियल गैस सिलेंडर 2,930 रुपये में मिलेगा. इससे पहले इसकी कीमत 3,113.50 रुपये थी. हालांकि, इस बार आम घरेलू उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं मिली है. 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अभी भी 942 रुपये पर ही बनी हुई है.

US-इजरायल-ईरान युद्ध के बीच बढ़े थे दाम:

इस साल 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा हो गया था. इसके बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल और गैस के जहाजों की आवाजाही रोक दी थी. इससे सप्लाई पर असर पड़ा और पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम तेजी से बढ़ गए.


भारत में भी इसका असर देखने को मिला. पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम चार बार बढ़ाए गए. मार्च में 144 रुपये, अप्रैल में 195.50 रुपये और मई में सबसे ज्यादा 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद जून में भी 42 रुपये का इजाफा किया गया. इस तरह कुल मिलाकर 1,374.50 रुपये तक कीमत बढ़ गई थी.

घरेलू गैस सिलेंडर की भी बढ़ी थी कीमत:

घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई थी. मार्च में 60 रुपये और जून में 29 रुपये बढ़ाए गए थे. हालांकि, अब कमर्शियल सिलेंडर के सस्ता होने से व्यापारियों को थोड़ी राहत जरूर मिली है. यह कटौती उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो रोजाना बड़े पैमाने पर गैस का इस्तेमाल करते हैं. आने वाले समय में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात सुधरते हैं, तो आम लोगों को भी राहत मिल सकती है.