Viral News: साल के पहले सूर्यग्रहण के दौरान अमेरिका से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. लॉस एंजिल्स की एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर ने सूर्यग्रहण से कुछ देर पहले अपने पार्टनर की चाकू मारकर हत्या कर दी, दो बच्चों को चलती कार से फेंक दिया और फिर आखिर में आत्महत्या कर ली. कार से फेंके गए दो बच्चों में से एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरी बच्ची जिंदा है. मामले की जानकारी के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है. प्रारंभिक जांच में अब तक सामने आया है कि महिला सूर्यग्रहण के 'गलत प्रभावों' के बारे में जानने के बाद वारदात को अंजाम दिया है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने से पहले महिला ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया था, जिसमें उसने लिखा कि ये ग्रहण आध्यात्मिक युद्ध का प्रतीक है. अपनी सुरक्षा करें और अपने दिल को सही जगह पर रखें. इस वक्त दुनिया बिल्कुल स्पष्ट रूप से बदल रही है और अगर आपको कभी भी कोई एक पक्ष चुनने की जरूरत पड़ी, तो आपके जीवन में सही काम करने का समय अब है. आखिर में महिला ने मजबूत रहने की बात भी लिखी.
This eclipse is the epitome of spiritual warfare. Get your protection on and your heart in the right place.
The world is very obviously changing right now and if you ever needed to pick a side, the time to do right in your life is now. Stay strong you got this 🩵— Ayoka (@MysticxLipstick) April 4, 2024Also Read
हत्या-आत्महत्या से जुड़े इस मामले में पुलिस फिलहाल कई सवालों की तलाश में जुटी है. पुलिस ने बताया कि वारदात का सिलसिला वुडलैंड हिल्स से शुरू हुआ था, जो रेडोंडो समुद्र के किनारे खत्म हुआ. वारदात में कपल और उनके एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 9 साल की बच्ची जिंदा बच गई है. पार्टनर और अपने बच्चे की हत्या करने वाली महिला की पहचान डेनिएल चेरोकियाह जॉनसन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वारदात के कुछ घंटे और कुछ दिन पहले से ग्रहण और उसके परिणामों के बारे में पोस्ट कर रही थी.
सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर जॉनसन पेशे से ज्योतिष थी. एक्स पर उसके 1 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं. @MysticxLipstick नाम के एक्स हैंडल में जॉनसन ने खुद को Divine Healer और Astrologer बताया है. सोमवार यानी सूर्यग्रहण वाले दिन ही उसने किए गए पोस्ट में लिखा था कि आपके जीवन में सही करने का समय अब है. ABC न्यूज से बातचीत में मामले की जांच में जुटे अधिकारियों ने कहा कि हत्या और आत्महत्या का मकसद स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुलिस ने कहा कि वे जॉनसन के सोशल मीडिया पोस्ट को देख रहे हैं.
जांच में जुटे अधिकारियों ने कहा कि वारदात के कारणों के बारे में जानने के लिए जॉनसन के दोस्तों और परिवार से पूछताछ की जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनसन ने सोमवार सुबह कैलिफोर्निया के वुडलैंड हिल्स में अपने अपार्टमेंट में लिव-इन पार्टनर 29 साल के जैलेन चानी की चाकू मारकर हत्या कर दी. सूत्रों के मुताबिक, जॉनसन की 9 साल की बेटी ने हत्या की पूरी वारदात देखी है. लॉस एंजिल्स टाइम्स के अनुसार, जॉनसन ने अपने पार्टनर की हत्या के बाद अपनी दो छोटी बेटियों के साथ पोर्श केयेन कार से निकली.
जॉनसन जैसे ही वेस्टचेस्टर एरिया में 405 फ्रीवे पर पहुंची, चलती गाड़ी को धीमा किया और गेट खोलकर बेटी को उतरने को कहा, लेकिन जब वो नहीं उतरी, तो उसे फ्रीवे के बीच में चलती गाड़ी से नीचें फेंक दिया. इस दौरान 9 साल की बेटी ने 8 महीने के बच्चे का हाथ पकड़ा था, जो नीचे धकेलते वक्त सड़क पर गिर गया. इसी दौरान पीछे से आ रही एक गाड़ी ने उसे कुचल दिया. इस दौरान फ्रीवे से गुजर रहे लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. सूत्रों ने कहा कि दोनों बच्चों को कार से फेंकने के बाद जॉनसन कैलिफोर्निया की ओर जाने लगी. उसकी कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे थी. अचानक उसकी कार एक टर्न पर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी भी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, जांच पड़ताल में जॉनसन के अपार्टमेंट में टैरो कार्ड मिले हैं. जॉनसन की पड़ोसी ने बताया कि उसके घर का दरवाज़ा खुला हुआ था, उनके अपार्टमेंट में जाने वाली सीढ़ियों पर खून बिखरा था और लिफ्ट की ओर जाने वाले कॉरिडोर में भी खून बिखरा था. फिलहाल, पुलिस वारदात के मकसद की तलाश में जुटी है. पुलिस के पास फिलहाल, मामले की जानकारी के लिए 9 साल की एक बच्ची ही गवाह के रूप में मौजूद है. कार से फेंके जाने के बाद वो घायल है. उसके ठीक होने पर जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी.