Lok Sabha Elections 2024 RJD Janvishwas Rally: बिहार की राजधानी पटना में आज महागठबंधन की 'जनविश्वास रैली' हो रही है. रैली में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि ये सभी राजद को कुछ भी बोल लें, लेकिन राजद का मतलब- R से राइट्स, J से जॉब्स और D से डवलेपमेंट होता है. उन्होंने कहा कि जो भी भाजपा के खिलाफ जाता है, उसके खिलाफ ED का समन चला जाता है. उन्होंने कहा कि जब मेरे पिता यानी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव इनसे (BJP) से नहीं डरे, तो उनका बेटा उनसे डरेगा.
तेजस्वी यादव ने कहा कि कल पीएम मोदी बिहार आए थे, लेकिन वे एक बार फिर झूठ का प्रचार करके चले गए. उन्होंने का कि पिछले चुनाव में 40 में 39 सीटें एनडीए को दी, क्या बिहार से पलायन रूका, नौकरियां मिलीं? आने वाले समय में इन बातों को ध्यान में रखकर वोट कीजिए. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग गोबर को गाजर का हलवा बनाकर परोस देते हैं, ये झूठे लोग हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने कहा था कि तेजस्वी यादव अपने पिता के कामों को क्यों नहीं बताते. मैं बताता हूं कि आप ये जनसैलाब देखिए, लालूजी ने यूपीए सरकार में रेलवे को 90 हजार करोड़ का मुनाफा दिया था. आप बताइए, 10 साल में आपने कितना मुनाफा दिया. तेजस्वी यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने रेलवे का निजीकरण कर दिया.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लालू यादव ने लोगों को मानसिक गुलामी से आजादी दिलवाई. पिछड़ों, गरीबों को सिर उठाकर जीना सिखाया. उन्होंने कहा कि मांझी जी के बेटे को भाजपा ने मंत्री बना दिया और हमलोगों पर परिवारवाद का आरोप लगाते है? उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कल कह रहे थे कि मोदी की गारंटी है, मोदीजी आप मेरे चाचा की गारंटी लेकर दिखाइए. चाचाजी भी कल कह रहे थे कि अब हम जीवनभर कहीं नहीं जाएंगे, इस दौरान पीएम मोदी हंस रहे थे, वे क्यों हंस रहे थे? नीतीश कुमार को भी क्यों बोलना पड़ता है कि अब कहीं नहीं जाऊंगा.
नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने ऋतिक रोशन का जिक्र किया. उन्होंने जनता से पूछा कि क्या आपने ऋतिक रोशन की एक फिल्म का गाना सुना है? इसके बाद तेजस्वी यादव ने गाना गाकर सुनाया... कहा- इधर चला मैं उधर चला, जानें कहां मैं किधर चला....
रैली में मौजूद राजद नेता तेजप्रताप यादव ने भाजपा, आरएसएस और नीतीश कुमार पर निशाना साधा. उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए पलटू राम बताया और कहा कि जो तेजस्वी यादव ने 17 महीने में कर दिया, वो पलटू राम 17 साल में भी नहीं कर पाए. उन्होंने कहा कि बिहार और देश से भाजपा को भगाना नहीं, बल्कि खदेड़ना है.
तेजप्रताप यादव ने कहा कि रोजगार मतलब नीतीश कुमार नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव और लालू यादव है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कल बिहार आए थे, वे महागठबंधन से डर गए हैं. रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव, कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी, बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य नेता शामिल हैं.
जनविश्वास रैली के मंच पर लालू यादव का पूरा परिवार दिख रहा है. महागठबंधन के नेतृत्व में हो रही इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, सीपीआई नेता डी. राजा समेत कई अन्य नेता भी शामिल हैं. कहा जा रहा है कि रैली में महागठबंधन के नेता बिहार समेत अन्य राज्यों में अपनी उपलब्धियों के बारे में बताएंगे.