Weather Update: उत्तर भारत में ठंड का कहर, राजधानी दिल्ली में आज बारिश के आसार

Weather Update: सर्दी का मौसम अभी भी कड़ा है. उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर चल रही है. कोहरे से भी जनजीवन प्रभावित हो रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है.

Antriksh Singh

Weather Update: भारत में कड़ाके की सर्दी का मौसम अभी भी जारी है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में शीतलहर चल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को भी इन राज्यों में ठंड से राहत नहीं मिलेगी.

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी

14 राज्यों में कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई है, जिससे वे देरी से पहुंच रही हैं. हालांकि सोमवार के बाद तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है.पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी सर्दी का सितम बरकरार है.

बारिश की संभावना

उत्तर भारत के ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते 8-10 जनवरी के बीच उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में गरज के साथ बारिश की भी संभावना है. 10 जनवरी से मौसम में बदलाव की संभावना है.


हिमाचल प्रदेश में सोमवार को धुंध का यलो अलर्ट जारी हुआ है. मंगलवार को प्रदेशभर में और बुधवार को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है.

कहां कितना तापमान रहा

पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा है. जम्मू और श्रीनगर में शनिवार की रात सबसे सर्द रात रही. यहां सबसे कम तापमान गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. यहां बनिहाल शहर में सबसे कम माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था.

काफी हिस्सों में बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से उत्तर-पश्चिम भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखेगा. इसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले 8 और 9 जनवरी को हल्की बारिश होने का अनुमान है.

मध्य भारत की बात करें तो गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के उत्तरी भाग में भी हल्की बारिश की संभावना है.

दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भी सोमवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.