How To Dry Your Wet Smartphone: आप बाहर हो और अचानक बारिश आ जाए, स्विमिंग पूल के पास टहल रहे हों और अचानक पैर स्लिप हो जाए, बाथटब के पास हो और अचानक से फोन उसमें गिर जाए… अगर आपके साथ ऐसा हो तो आप क्या करेंगे? जाहिर सी बात है कि फोन को पानी से निकालेंगे और उसे सुखाएंगे. लेकिन सुखाएंगे कैसे… इसके लिए कई इंटरनेट पर कई तरीके हैं. लेकिन क्या सभी तरीके सही हैं?
Apple और Samsung जैसी कंपनियों ने लोगों को फोन सुखाने को लेकर कई बार सलाह दी है. इन्होंने बताया है कि फोन अगर गीला हो जाए तो उसे कैसे सुखाना है. यहां हम आपको इन्हीं तरीकों के बारे में बता रहे हैं जिससे अगली बार जब आपका फोन पानी में गिरे तो आप उसे सही तरह से सुखा पाएं.
फोन सुखाने के लिए क्या करें: फोन के बाहर के हिस्से को टावल या साफ कपड़े से सुखाएं. सिम और कवर को हटा दें. कवर हटाने के बाद फोन को एक बार फिर से ठीक से सुखा दें. इसके बाद फोन को ऑफ कर दें. इसे लेकर Apple ने सलाह दी है कि iPhone के कनेक्टर पोर्ट्स को नीचे की तरफ करें और हल्का-सा टैप करें. इससे अंदर का पानी बाहर आ जाएगा.
वहीं, Samsung ने सलाह दी है कि चार्जिंग जैक और ईयरफोन जैक को सुखाने के लिए कॉटन बड का इस्तेमाल करें. कंपनी ने आगे कहा है कि अगर फोन में कोई ड्रिंक, नदी का पानी या क्लोराइनेटेड पूल वॉटर चला जाता है तो फोन को पहले साफ पानी में कुछ मिनटों के लिए डालें. इससे गंदा लिक्विड बाहर आ जाएगा. दोनों ही कंपनियों का कहना है कि फोन को किसी ऐसी जगह रखना चाहिए जहां हवा आती हो. लेकिन Google कहता है कि डिवाइस को रूम टैम्प्रेचर पर छोड़ना चाहिए.
क्या नहीं करना चाहिए: फोन या कोई भी डिवाइस सुखाने के लिए कभी भी हेयर ड्रायर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. इससे डिवाइस में शॉर्ट-सर्किट हो सकता है. कुछ इंटरनेट ट्रिक्स बताती हैं कि गीले फोन को टंबल ड्राई करना चाहिए लेकिन यह फोन खराब कर सकता है. इसके अलावा गीले फोन को कभी चार्जिंग में नहीं लगाना चाहिए.
क्या गीले फोन को चावल में डालना सही है: इंटरनेट पर कई ऐसी ट्रिक्स हैं जिसमें कहा जाता है कि गीले फोन को चावल के बाउल में डाल देना चाहिए. इससे मॉइश्चर निकल जाता है. हालांकि, Apple ने इस बात के लिए सिरे से मना किया है. कंपनी ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा था कि अपने गीले iPhone को कभी भी चावल के बैग में नहीं रखना चाहिए. इससे फोन के इंटरनल पार्ट्स में छोटे-छोटे पार्टिकल्स चले जाते हैं. इससे फोन खराब हो सकता है.
चावल के अलावा क्या तरीका है: चावल के अलावा गीले फोन को सिलिका जेल के साथ रखा जा सकता है. यह डिवाइस का पूरा मॉइश्चर सोख लेता है.
Samsung ने सलाह दी है कि अगर आपका फोन पूरी तरह से सूख भी जाए तो भी एक बार सर्विस सेंटर पर जरूर चेक करा लेना चाहिए.