UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट में सिगरेट पीने से रोकने के बाद एक महिला आपा खो बैठी. महिला ने सिगरेट पीने से रोकने वाले अफसर के कान को चबा डाला. घटना के बाद पीड़िता अफसर ने आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, पीड़ित अफसर को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. कहा जा रहा है कि घटना के दौरान महिला अपने एक दोस्त के साथ जंगल में घूम रही थी.
पुलिस के मुताबिक, कुकरैल जंगल में एक कपल ने सिगरेट न पीने की अपील करने वाले वन अधिकारी पर हमला किया. हमले के दौरान महिला ने वन अधिकारी का कान काट लिया. फिलहाल, हमलावर कपल की तलाश की जा रही है. घटना शनिवार दोपहर की है, लेकिन मामला रविवार को गुडंबा थाने में दर्ज कराया गया.
पीड़ित वन अधिकारी 22 साल के विकास ने बताया कि कपल, जंगल में स्कूटर पर बैठकर सिगरेट पी रहे थे. आग लगने के जोखिम के कारण मैंने उन्हें ऐसा न करने की सलाह दी. इसके बाद, कपल ने गुस्से में मुझे जवाब दिया. थोड़ी देर बाद उन्होंने मुझपर हमला कर दिया. विकास ने कहा कि वे फेज-2 में आग लगने की रिपोर्ट की जांच के लिए जंगल गए थे.
गुडंबा के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) नीतीश कुमार श्रीवास्तव ने पुष्टि की कि महिला ने विकास के दाहिने कान को काट लिया. पुलिस ने कपल को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही है. SHO ने कहा कि स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 324 (खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना) के तहत FIR दर्ज की गई है.