Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के हॉस्टल में 100 छात्र फूड पॉइजनिंग के शिकार, नजदीकी अस्पताल में भर्ती
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के एक हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. 100 छात्रों के फूड पॉइजनिंग से पीड़ित बताया जा रहा है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के एक हॉस्टल में 100 छात्र फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए हैं. सभी छात्रों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुक्रवार रात को हॉस्टल परिसर में रहने वाले छात्रों ने खाना खाने के बाद उल्टी, पेटदर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने छात्रों के फूड पॉइजनिंग के शिकार होने की बात कही है.
डॉक्टरों और हॉस्टल मैनेजमेंट की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है. वहीं, सूचना के बाद हॉस्टल पहुंचा खाद्य विभाग भी मामले की जांच में जुट गया है. घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है, जब सभी 100 छात्र खाना खाकर सोने चले गए. अचानक सभी छात्रों को पेट में दर्द होने लगा, कुछ छात्र उल्टियां भी करने लगे.
नॉलेज पार्क पुलिस कर रही जांच पड़ताल
मामला नॉलेज पार्क पुलिस इलाके के आर्यन रेसीडेंसी और लॉयड हॉस्टल का है. घटना की सूचना के बाद नॉलेज पार्क पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है. जानकारी के मुताबिक, छात्रों के फूड पॉइजनिंग के शिकार होने की खबर के बाद कुछ के परिजन ने फोन कर जानकारी ली है, जबकि कुछ के परिजन ग्रेटर नोएडा पहुंचे हैं.
Also Read
- Gurugram News: मेडिकल से फूड इंडस्ट्रीज में होता है यूज, आखिर क्या होता है Dry Ice, जिसे खाकर खून की उल्टियां करने लगे लोग
- Indian Food : इंडियन फूड खाकर साउथ कोरिया की लड़की कही ये बात, वायरल हो रहा है वीडियो
- Video: IndiGo के फूड सेक्शन में कॉकरोचों का हुजूम देखकर उड़े यात्री के होश, कंपनी ने दी सफाई
बताया जा रहा है कि अस्पताल में एडमिट कराने के बाद कुछ छात्रों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ छात्रों का इलाज जारी है. उधर, छात्रों और उनके परिजन की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. फूड डिपार्टमेंट ने भी हॉस्टल के मेस से रात के खाने का सैंपल कलेक्ट कर जल्द ही रिपोर्ट देने की बात कही है.
पुलिस के मुताबिक, फूड डिपार्टमेंट की ओर से सैंपल की रिपोर्ट मिलने के बाद जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, लॉयड कॉलेज मैनेजमेंट ने भी मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है. कॉलेज मैनेजमेंट का कहना है कि आर्यन रेसीडेंसी हॉस्टल के संचालन की जिम्मेदारी हमारी नहीं बल्कि किसी और की है, इससे हमारा कोई लेना देना नहीं है.