menu-icon
India Daily

Bihar Politics: तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, बोले- 2022 में नीतीश कुमार ने लालू यादव से पिछले विश्वासघातों के लिए माफी की भीख मांगी थी

Bihar Politics: जब तेजस्वी यादव नीतीश कुमार को लेकर दावे कर रहे थे, उससे कुछ घंटे पहले यानी शुक्रवार को ही लालू यादव ने कहा कि अगर जेडीयू प्रमुख महागठबंधन गठबंधन में वापस आने का फैसला करते हैं तो उनके लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं.

India Daily Live
Bihar Politics: तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, बोले- 2022 में नीतीश कुमार ने लालू यादव से पिछले विश्वासघातों के लिए माफी की भीख मांगी थी

Bihar Politics: बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार ने अपनी ओर से किए गए विश्वासघातों के लिए 2022 में लालू यादव और राबड़ी देवी से माफी की भीख मांगी थी. ये वो समय था, जब नीतीश कुमार एनडीए को छोड़कर महागठबंधन में शामिल होने की कोशिश कर रहे थे. लालू यादव और राबड़ी देवी से माफी मांगने के बाद ही वे महागठबंधन में शामिल हुए थे.

राजद नेता तेजस्वी यादव ने ये बातें कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मोहनिया में कही. तेजस्वी यादव ने ये भी कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि नीतीश कुमार फिर से पलटी नहीं मारेंगे. न्यूज एजेंसी पीटीआई ने तेजस्वी यादव के हवाले से कहा कि माफी की भीख मांगने के बाद नीतीश कुमार ने मेरे माता-पिता से कहा था कि बीजेपी उनकी पार्टी और उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है. 

तेजस्वी यादव ने कहा कि जब राजद ने नीतीश कुमार पर भरोसा करने का फैसला किया तो ये एक बलिदान जैसा था. उन्होंने कहा कि शुरुआत में हम उन पर फिर से भरोसा करने के इच्छुक नहीं थे. लेकिन देश भर के नेताओं के साथ बातचीत हुई, जिनमें से सभी की राय थी कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई के व्यापक हित में, हमें सहमत होना चाहिए. इसलिए हमने एक बलिदान दिया.

नौकरियों को लेकर नीतीश कुमार ने उड़ाया था मेरा मजाक: तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि जब मैं डिप्टी सीएम था, तब मैंने नीतीश कुमार से कहा था कि बिहार के लोगों को नौकरियां देनी होंगी. मैंने उनसे कहा कि आपकी सरकार को हमारे समर्थन के बदले बिहार में 10 लाख सरकारी नौकरियों के वादे को पूरा करना होगा. मैंने ये वादा 2020 के विधानसभा चुनावों से पहले जनता से किया था. तेजस्वी ने दावा किया कि जब मैंने नौकरियों की बात की तो नीतीश कुमार ने मेरा मजाक उड़ाया और कहा कि नौकरियों के लिए वेतन देने के लिए लालू यादव से पैसे लेंगे?

तेजस्वी बोले- हमने नीतीश से पूछा था कि वे हमसे मुंह क्यों मोड़ रहे हैं?

नीतीश कुमार के NDA में शामिल होने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से पूछा कि कम से कम यह बताएं कि वह हमसे मुंह क्यों मोड़ रहे हैं? लेकिन वे कोई जवाब नहीं दे सके. हमें लगता है कि नीतीश कुमार ईडी और सीबीआई से डरते हैं. तेजस्वी ने कहा कि मैंने बिहार विधानसभा में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी गारंटी पर गर्व करते हैं, लेकिन वह भी इस बात की गारंटी नहीं दे सकते कि नीतीश कुमार दोबारा पाला नहीं बदलेंगे.

अगस्त 2022 में एनडीए छोड़ महागठबंधन में शामिल हुए थे नीतीश

नीतीश कुमार ने अगस्त 2022 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से नाता तोड़ लिया था और राज्य में सरकार बनाने के लिए राजद के साथ गठबंधन किया था. तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, नीतीश कुमार ने पिछले महीने यानी जनवरी में एक बार फिर पाला बदल लिया और महागठबंधन फोल्डर से निकलकर एनडीए में शामिल हो गए और नौवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

NDA ज्वाइन करने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि था कि अब वे हमेशा के लिए NDA के ही साथ रहेंगे. उन्होंने कहा था कि मैं जहां था, वहां वापस आ गया हूं और अब कही भी जाने का कोई सवाल ही नहीं है.