menu-icon
India Daily

T20 WC 2024: 'इंशाअल्लाह उसे विश्व कप में जगह मिले', शाहरुख खान के दिल में बसता है 26 साल का क्रिकेटर

T20 World Cup 2024: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने टी20 विश्व कप 2024 में रिंकू सिंह को शामिल करने की मांग की है.

India Daily Live
T20 WC 2024: 'इंशाअल्लाह उसे विश्व कप में जगह मिले', शाहरुख खान के दिल में बसता है 26 साल का क्रिकेटर

T20 World Cup 2024: 1 जून से टी20 विश्व कप 2024 होना है. इसकी तैयारियां जोरों पर हैं. अगले 24 घंटों में  टीम इंडिया का ऐलान हो सकता है. विश्व  कप 2024 के लिए कौन से 15 खिलाड़ी वेस्टइंडीज-अमेरिका की उड़ान भरेंगे यह बड़ा सवाल बना हुआ है. रिंकू सिंह ने पिछले 1 साल में आईपीएल और टीम इंडिया के लिए कमाल किया है. ऐसे में स्क्वाड में उनकी जगह पक्की मानी जा रही है.  इस बीच बॉलीवुड के किंग खान और IPL में कोलकाता नाइटराइडर्स के सह मालिक शाहरुख खान ने भी उनका सपोर्ट किया है.

शाहरुख ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ को दिए एक इंटरव्यू में अपने दिल की बात कही. वो टीम इंडिया के युवा स्टार रिंकू सिंह को विश्व कप खेलते देखना चाहते हैं. उनकी दिली इच्छा है कि रिंकू सिंह को टी20 वर्ल्ड कप में मौका मिले और वो कमाल दिखाएं.

शाहरुख खान ने क्या कहा?

शाहरुख खान ने कहा 'शानदार खिलाड़ी देश के लिए खेल रहे हैं. मैं रिंकू को लेकर उत्सुक हूं, इंशाअल्लाह उसे विश्व कप टीम में जगह मिले और अन्य टीमों के कुछ अन्य युवाओं को भी, उनमें से कुछ इसके हकदार हैं, लेकिन मेरी व्यक्तिगत इच्छा है कि रिंकू टीम में जगह बनाए, मुझे बहुत खुशी होगी.'



अलीगढ़ से आते हैं, लगातार 5 छक्के लगाकर मिली थी पहचान

रिंकू सिंह यूपी के अलीगढ़ से आते हैं. वे बेहद सामान्य परिवार से निकले हैं. पिछले कुछ सालों से केकेआर का हिस्सा हैं. पिछले 2 सीजन उनके बढ़िया गए हैं. 26 साल का यह बल्लेबाज तब सुर्खियों में आया जब उसने आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ यश दयाल के एक ओवर में 5 छक्के लगाकर हारी हुई बाजी जिता दी थी. इसके बाद उन्हें टीम इंडिया में जगह मिली है.


रिंकू सिंह का क्रिकेट करियर

रिंकू सिंह टीम इंडिया के लिए 15 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिनमें दो फिफ्टी भी शामिल हैं. टी20 में  उनका स्ट्राइक रेट 176 से ज्यादा रहा है. यही वजह है कि 1 जून में शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए रिंकू सिंह का दावा मजबूत है. वे बतौर फिनिशर बढ़िया खेल रहे हैं. उनका फॉर्म भी तगड़ा है.