सरफराज खान ने फिर पेश की इंग्लैंड सीरीज के लिए बड़ी दावेदारी, इंडिया A के लिए खेली पारी

India vs England Test सीरीज के लिए भारत की टीम की घोषणा हो गई है. ये घोषणा शुरुआती दो टेस्ट मैचों के लिए है. सरफराज खान ने बाकी तीन मैचों के लिए अपनी जगह के लिए दावा पेश किया है.

Antriksh Singh

India vs England: भारत ए और इंग्लैंड लायंस के बीच मुकाबले में दूसरी पारी में सरफराज खान ने धमाकेदार पचास रन बनाकर सबका दिल जीत लिया! पहली पारी में वे भले ही थोड़ा लड़खड़ा गए थे, लेकिन लायंस के खिलाफ शानदार अर्धशतक बनाकर उन्होंने सबको याद दिला दिया कि वो कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं. मात्र 67 गेंदों में 10 चौके जड़कर सरफराज ने अपना अर्धशतक पूरा किया.

डेब्यू का इंतजार

भले ही अभी तक उनका भारतीय टीम में डेब्यू नहीं हो पाया है, लेकिन उनका लगातार शानदार प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींच रहा है. सरफराज का बल्ला गरजता रहता है, तो बीसीसीआई की चयन समिति को भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए अपने फैसलों पर फिर से सोचना पड़ सकता है.

पहले दो टेस्ट के लिए टीम का चयन हुआ

पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है, लेकिन अभी 3 और टेस्ट बाकी हैं. सरफराज की लगातार धमाकेदार पारियां उनके चयन के लिए जोरदार दावे पेश कर रही हैं.


26 साल के सरफराज पिछले कुछ समय से भारतीय टीम में जगह पाने के लिए बेताब हैं, लेकिन अब तक चयनकर्ता उनकी अनदेखी करते आ रहे थे.

मुकाबले का हाल:

इंग्लैंड लायंस पहले दिन से ही मैच पर हावी रहे. मेहमानों ने 553/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर पारी घोषित कर दी. भारत ए पहली पारी में सिर्फ 227 रन पर सिमट गया.

इसके बाद इंग्लैंड ने फिर बल्लेबाजी की और 163/6 पर पारी घोषित कर दी, जिससे भारत के सामने जीत के लिए 489 रनों का लक्ष्य रखा.

ईश्वरन और रजत पाटीदार के सस्ते में आउट होने से भारत की शुरुआत खराब रही, लेकिन साई सुदर्शन अर्धशतक बनाकर टिके हुए हैं.

फिर भी, मैच के असली हीरो सरफराज खान रहे, जिन्होंने अपने दमदार पचास से मैच में वापसी की उम्मीद जगा दी है. अभी भारत को जीत के लिए 6 विकेट और 331 रन चाहिए.