राहुल द्रविड़ का सुझाव नकारा, अब ईशान किशन के टीम इंडिया करियर पर मंडराने लगा खतरा 

ईशान किशन की गैरहाजिरी और उसकी वजहें. कोच राहुल द्रविड़ का रोल क्या है और कैसी लटकी हुई है भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज के इंडिया करियर पर तलवार?

Antriksh Singh

25 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से "निजी कारणों" से नाम वापस ले लिया था. बाद में पता चला कि लगातार यात्रा और टीम में जगह को लेकर अनिश्चितता के कारण उनका मानसिक तनाव बढ़ गया था.

अनुशासनहीनता?

अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भी उनका चयन नहीं हुआ था. लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि किशन का यह ब्रेक अनुशासनहीनता का नतीजा था, क्योंकि वह दुबई में पार्टी कर रहे थे. ना की किसी तरह की रिकवरी हो रही थी.

हालांकि, हेड कोच राहुल द्रविड़ ने इस रिपोर्ट को गलत बताया और कहा कि किशन चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए थे. उन्होंने कहा कि किशन को पहले घरेलू क्रिकेट खेलना होगा, फिर राष्ट्रीय टीम के लिए उपलब्धता दिखानी होगी.


राहुल द्रविड़ ने ईशान पर क्या कहा

द्रविड़ ने पत्रकारों को बताया था, "बिल्कुल अनुशासनहीनता का कोई मुद्दा नहीं है. ईशान किशन चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. दक्षिण अफ्रीका में हमने उनके ब्रेक के अनुरोध का समर्थन किया. उन्होंने अभी तक खुद को उपलब्ध नहीं कराया है. जब वह उपलब्ध होंगे, वह घरेलू क्रिकेट खेलेंगे और खुद को चयन के लिए उपलब्ध कराएंगे."

ईशान रणजी भी नहीं खेल रहे

ईशान सौराष्ट्र (5 जनवरी से) और महाराष्ट्र (12 जनवरी से) के खिलाफ झारखंड के रणजी ट्रॉफी 2023-24 मैच में लगातार दो मौके चूक गए. शुक्रवार, 19 जनवरी को सीजन के अपने तीसरे एलीट ग्रुप ए मैच में उन्होंने तीसरा मौका गंवा दिया.

ईशान किशन का नाम एक बार फिर झारखंड के रणजी ट्रॉफी मैच से बाहर हो गया, जिससे भारतीय क्रिकेट टीम के साथ उनके भविष्य को लेकर और अटकलें लगाई जा रही है. उनकी गैरहाजिरी से भारतीय टीम में उनके भविष्य के बारे में अटकलें और बढ़ गई हैं.

क्या इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में होगी वापसी?

इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में भी जगह नहीं मिलने के बाद, ईशान को घरेलू क्रिकेट में लौटकर अपनी जगह वापस हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए. लेकिन वह अभी भी सक्रिय नहीं हैं, जबकि चयनकर्ताओं ने केएल राहुल और केएस भरत के साथ तीसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में 22 वर्षीय ध्रुव जुरेल को बुलाया है.