IPL Controversy: इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन चल रहा है. साल 2008 में शुरू हुए इस लीग ने भारतीय क्रिकेट को नए आयाम दिए. कई स्टार दिए और दुनिया भर में टीम इंडिया का दबदबा बनाने में अहम योगदान भी दिया, लेकिन आईपीएल के साथ कई विवाद भी जुड़े हुए हैं. इस लीग के पहले ही सीजन में एक थप्पड़ कांड हुआ था, जो काफी सुर्खियों में रहा. ये थप्पड़ कांड हुआ था दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह और टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत के बीच, जिसने सभी को चौंका दिया था. चलिए जान लेते हैं आखिर 16 साल पहले हुए इस विवाद के बारे में.
दरअसल, हरभजन सिंह और एस श्रीसंत यह दोनों क्रिकेटर मैदान पर अपने एग्रेसिव नेचर के लिए जाने जाते थे. इन दोनों को कई बाद विरोधियों से उलझते हुए देखा गया था, लेकिन 2008 में जब यह दोनों आपस में भिड़ गए तो सभी हैरान रह गए, क्योंकि मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए मैच के बाद हरभजन सिंह ने बीच मैदान पर ही श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था. जब बीच मैदान पर भज्जी ने श्रीसंत को थप्पड़ जड़ा तो हर कोई हैरान रह गया. इस विवाद को स्लैपगेट कांड नाम दिया गया था.
भज्जी को 11 मैचों का बैन झेलना पड़ा
इस थप्पड़ के बाद भज्जी को 11 मैचों का बैन झेलना पड़ा. फिर जुर्माना भी लगा और क्रिकेट जगत में उनकी आलोचना भी हुई. BCCI ने भी स्लैपगेट कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर भज्जी को पांच वनडे मैच के लिए बैन किया था. उस सीजन हरभजन सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा था, जबकि श्रीसंत पंजाब किंग्स के लिए थेले थे.
एस श्रीसंत ने क्या कहा था
थप्पड़ कांड को लेकर उस वक्त एस श्रीसंत ने बताया था कि वो भज्जी को लगातार परेशान कर रहे थे. जैसा वो किसी भी मैच में करते हैं. उन्होंने ये भी कहा था कि भज्जी और वो अच्छे दोस्त थे और उन्हें उस वक्त कुछ सूझ ही नहीं रहा था. श्रीसंत ने बताया था कि भज्जी ने उन्हें थप्पड़ नहीं बल्कि कोहनी से मारा था. उन्होंने ये भी बताया कि स्लैपगेट के बाद भी दोनों दोस्त हैं और वो लगातार एक दूसरे से बातचीत करते हैं.
हरभजन सिंह ने थप्पड़ मारने की वजह बताई और फिर माफी भी मांगी
इस पूरे मामले पर हरभजन सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा था 'मैं उस घटना के लिए माफी मांगता हूं, मुझे वैसा नहीं करना चाहिए था, लेकिन उसने (श्रीसंत ने) बहुत नौटंकी कर दी थी. वैसे यह मेरी गलती थी कि मुझे मैदान में वैसी हरकत नहीं करनी चाहिए थी, मैंने जीवन में कई गलतियां की हैं और यह उनमें से एक थी, लेकिन मैंने अपनी गलतियों से सबक लिया है.'
दोनों प्लेयर ले चुके हैं संन्यास
साल 2008 में हुए इस थप्पड़ कांड के बाद टीम इंडिया के इन दोनों ही खिलाड़ियों की लाइफ में बहुत बदलाव आए. आज दोनों अच्छे दोस्त हैं. उनके बीच सबकुछ ठीक हो गया है. भज्जी ने दिसंबर 2021 में क्रिकेट से संन्यास लिया था, उन्होंने भारत के लिए 367 अंतरराष्ट्रीय मैच में 711 विकेट लिए हैं, वहीं श्रीसंत ने हाल में संन्यास की घोषणा की थी. उन्होंने भारत के लिए 90 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 169 विकेट चटकाए हैं.