रोमांच से भरे लो स्कोरिंग मुकाबले में RCB ने GT को दी मात, कोहली-कैप्टन की धमाकेदार पारी
RCB Vs GT: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 52वें मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 4 विकेट से हरा दिया है.
IPL 2024: शनिवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच आईपीएल 2024 का 52वां मुकाबला खेला गया. रोमांच से भरे इस लो स्कोरिंग मुकाबले में आरसीबी ने जीटी को 4 विकेट से हरा दिया. गुजरात की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 147 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी.
148 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी की ओर से विराट कोहली और कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने पारी की शुरुआत की. दोनों ने टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई.
पहले विकेट के लिए विराट और डुप्लेसी ने 5.5 ओवर में 92 रनों की साझेदारी की. फॉफ 23 गेंदों पर 64 रन बनाकर चलते बने. उन्होंने 3 छक्के और 10 चौके लगाए. विराट कोहली ने 27 गेंदों पर 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 64 रनों की पारी खेली.
Also Read
कार्तिक की पारी ने जीता दर्शकों का दिल
डुप्लेसी के जाने के बाद आरसीबी के चार विकेट जल्दी-जल्दी गिरे. 4 विकेट गिरने के बाद मैच रोमांच से भर गया था. ऐसा लग रहा था कि बाजी पलट गई है. लेकिन अंत में दिनेश कार्तिक ने आरसीबी को जीत दिला दिया. कार्तिक ने 12 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली. वहीं, उनके साथ स्वप्निल सिंह ने 9 गेंदों पर 15 रनों की पारी खेली. कार्तिक की छोटी पारी ने आज फिर से दर्शकों का दिल जीता.
टाइटंस की ओर से जोशुआ लिटिल ने चार विकेट चटकाए. वहीं, नूर अहमद ने 2 विकेट लिए. मोहित शर्मा ने 2 ओवर में 32 रन दिए. राशिद खान ने 1.4 ओवर में 25 रन दिए.
गुजरात की खराब शुरुआत
गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर रिद्धिमान साहा को सिराज ने चलता किया. तीसरे ओवर में कप्तान शुभमन गिल चलते बने. जीटी का तीसरा विकेट भी जल्द गिर गया. साई सुदर्शन 6 रन बनाकर चलते बने.
शुरुआती तीन विकेट गिरने के बाद शाहरुख खान और डेविड मिलन के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई. शाहरुख खान ने 24 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली. वहीं, डेविड मिलर ने 20 गेंदों पर 30 रन बनाए. राहुल तेवतिया ने 21 गेंदों पर 35 रन बनाए.
गुजराती की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई. आरसीबी की ओर से सिराज, यश दयाल और विजय कुमार ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, ग्रीन और कर्म शर्मा ने 1-1 विकेट लिया.