menu-icon
India Daily

कुछ बल्लेबाजों के लिए भूलने लायक थी साउथ अफ्रीका सीरीज! सुनील गावस्कर ने उठाए इंग्लैंड के खिलाफ भारत की तैयारियों पर सवाल 

IND vs ENG Test Series: पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए बेहतर मंच होता. भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है.

Antriksh Singh
Edited By: Antriksh Singh
कुछ बल्लेबाजों के लिए भूलने लायक थी साउथ अफ्रीका सीरीज! सुनील गावस्कर ने उठाए इंग्लैंड के खिलाफ भारत की तैयारियों पर सवाल 

India vs England Test: पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि कुछ भारतीय बल्लेबाजों को रणजी ट्रॉफी खेलनी चाहिए थी. ना कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज खेलने पर ध्यान देना चाहिए था.  गावस्कर का मानना है कि रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए बेहतर मंच होता, खासकर आने वाली इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज को देखते हुए.

टेस्ट के लिए रणजी था बेस्ट

गावस्कर ने रणजी ट्रॉफी के महत्व को दोहराया, जहां खिलाड़ी अपने हुनर को निखार लेते हैं और फॉर्म में आते हैं. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कई बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे.

2024 टी20 विश्व कप से पहले अंतिम अंतरराष्ट्रीय सीरीज होने के साथ और कुछ अहम गेंदबाजों के चोटिल होने के चलते गावस्कर का मानना है कि रणजी ट्रॉफी बल्लेबाजों को इंग्लैंड के खिलाफ महत्वपूर्ण टेस्ट मैचों से पहले अभ्यास करने का बेहतर मौका दे सकती थी.

क्या लिखा गावस्कर ने

उन्होंने लिखा, "क्या बेहतर होता अगर कुछ भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए रणजी ट्रॉफी के कुछ मैच खेलते? केएल राहुल और विराट कोहली को छोड़कर, जो दक्षिण अफ्रीका में शानदार फॉर्म में थे, बाकी भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. आने वाले हफ्तों में हमें पता चलेगा कि क्या उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 मैच खेलने चाहिए थे या रणजी ट्रॉफी में खेलना चाहिए था."

हैदराबाद में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी

भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने पुष्टि की है कि टीम 20 जनवरी से हैदराबाद में टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू करेगी. यह घोषणा भारत द्वारा 17 जनवरी को बेंगलुरु में अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद हुई.

टी20 सीरीज में खेले टेस्ट के नियमित खिलाड़ियों को दो दिन का ब्रेक मिलेगा, जिसके बाद वे हैदराबाद में कैंप में शामिल होंगे. इन खिलाड़ियों में कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मुकेश कुमार और आवेश खान शामिल हैं. आगामी टेस्ट सीरीज भारत के लिए 2023-25 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चक्र में अपनी स्थिति सुधारने का एक बड़ा मौका है.